बैरिया। क्षेत्र के गांवों में राशन कार्ड में गड़बड़ी का फायदा कोटेदार उठा रहे हैं और पात्र लोग कार्ड नहीं होने से परेशान हो रहे। मंगलवार को ग्राम पंचायत चांददियर के ठेकहा के ग्रामीणों ने जयप्रकाश सिंह उर्फ मुटुर के नेतृत्व में तहसील पर धरना दिया। कोटेदार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए संपूर्ण समाधान दिवस पर तहसीलदार रामनरायण वर्मा को ज्ञापन भी सौंपा। तहसीलदार ने जांचोपरांत कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
ठेकहा के ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया है कि श्रवण सिंह अविवाहित के नाम अंतोदय कार्ड बना हुआ है। कोटेदार के पुत्र समरजीत के नाम पात्र गृहस्थी का कार्ड बना है जबकि समरजीत अविवाहित है। इसी तरह गांव की रेनू देवी शादी के बाद सालों से अपने ससुराल में रहती है, उसके नाम भी अन्तोदय कार्ड पर उठान किया जाता है। कोटेदार के पत्नी के नाम भी पात्र गृहस्थी का कार्ड है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि गांव के कई ऐसे महिला पुरुष के नाम से राशन कार्ड बने हैं जो गांव के निवासी नहीं हैं। ग्रामीणों ने ऐसे कई कार्डधारकों का नाम भी ज्ञापन में अंकित किया है। ग्रामीणों ने मिट्टी तेल वितरण में भी धांधली का आरोप और दर से अधिक मूल्य पर मिट्टी तेल व राशन वितरण करने का आरोप लगाया है। उधर, इसी गांव के विजय बहादुर सिंह ने पत्रक देकर अनाज वितरण में धांधली का आरोप लगाया है। धरना देने वालों में विमलावती, सावित्री,आरती, बुचिया,प्रमिला, कलावती, फुलेश्वरी, निर्मला, रामनाथ सिंह, राजकिशोर ठाकुर, पुष्पा, चिन्ता आदि रहे।