बलिया। सांसद भरत सिंह व जिलाधिकारी ने बुधवार को सीएमओ, सीएमएस व एनएचएम के अधिकारियों के साथ बैठक की। जिला अस्पताल में लगी सिटी स्कैन, डिजिटल एक्स-रे व डायलिसिस मशीन समेत अन्य आधुनिक मशीनों के लगने के बाद भी चालू नहीं होने का कारण पूछा। सीएमएस डॉ. डी प्रसाद ने बताया कि पर्याप्त क्षमता का ट्रांसफार्मर नहीं होने से उतनी विद्युत सप्लाई नहीं मिल पा रही है, जिससे इनका संचालन नहीं हो रहा।
सांसद ने तत्काल बिजली विभाग के अधिशासी अधिकारी को तलब किया और जिला अस्पताल में शीघ्र पर्याप्त क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा चिकित्साधिकारी डॉ. एसपी राय को भी निर्देश दिया कि ट्रांसफार्मर लग जाने के बाद सभी मशीनें गरीब जनता के हित में चालू हो जाए। चेताया कि उसके बाद भी नहीं चलने की शिकायत पर कार्रवाई होगी। सांसद ने यह भी कहा कि जनता की स्वास्थ्य सेवा के लिए जरूरत पड़ने पर हमारी सांसद निधि का खजाना खुला है। जिलाधिकारी ने भी इस बात पर नाराजगी जताई कि इससे पहले ये समस्याएं क्यों नहीं बताई गई। सीएमओ व सीएमएस से कहा कि अस्पताल की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना शीर्ष प्राथमिकता पर रखी जाए। जिला अस्पताल के दोनों गेट से अतिक्रमण हटाने के लिए अधिशासी अधिकारी नगरपालिका को निर्देश दिए। अस्पताल परिसर में अनावश्यक वाहनों के खड़े होने की समस्या को गंभीरता से लेने को कहा।