बलिया। जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत ने रविवार को रेवती ब्लॉक के डुमरिया गांव का निरीक्षण किया। मौके पर सचिव के नहीं रहने पर उसके खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश डीपीआरओ को दिया। निरीक्षण के दौरान शौचालयों के साथ ही अन्य कार्यों में मानक की अनदेखी करने पर प्रधान को वित्तीय अधिकार सीज करने की भी चेतावनी दी।
जिलाधिकारी ने डुमरिया गांव के चप्पे-चप्पे का जायजा लिया। करीब ढाई घंटे तक गांव में भ्रमण कर शौचालय निर्माण के साथ ही अन्य कार्यों को देखा और ग्रामीणों से भी जानकारी ली। निरीक्षण में प्रधान एक भी ऐसा शौचालय नहीं दिखा सके जिसका प्रयोग हो रहा हो। इसके अलावा कुछ हैंडपंप छह महीनों से खराब मिले। नाली निर्माण में अनियमितता, जल निकासी की समस्या व आवास आवंटन में भी अनियमितता की शिकायत मिली। लंबे समय से प्रिया साफ्ट की फीडिंग नहीं हुई थी। इस पर ताज्जुब जताते हुए जिलाधिकारी ने डीपीआरओ को निर्देश दिया कि सचिव के विरुद्ध कार्रवाई हो। बताया गया कि वर्ष 2016-17 में कुल 70 शौचालय दिए गए जिसके सापेक्ष मात्र 32 शौचालयों का एमआईएस हुआ है लेकिन जमीन पर एक भी शौचालय प्रयोग होते नहीं दिखा। इसके अलावा 35 शौचालयों का पैसा डेढ़ साल से डंप होने पर नाराजगी जताते हुए बीडीओ को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वर्तमान में 129 शौचालय का पैसा गांव में पड़े होने के बावजूद निर्माण की स्थिति बेहद खराब है। कई ऐसे शौचालय बने थे जिसमें सीट ही नहीं लगे थे। आवास आवंटन में भी अनियमितता की शिकायत ग्रामीणों ने की।