वीआईपी लाउंज में डीआरएम एवं रेल अधिकारियों से वार्ता करते सांसद भरत सिंह।
- फोटो : ballia
डीआरएम एसके झा ने कहा कि वाराणसी-छपरा रेलखंड पर बलिया समेत यूसुफपुर से बकुल्हा तक12 रेलवे स्टेशनों पर दिसंबर तक वाई-फाई सेवा शुरू हो जाएगी। इस रेलखंड पर विद्युतीकरण का कार्य भी प्रगति पर है। जल्द ही इस रूट से भी विद्युत चालित ट्रेनों को चलाया जाना प्रस्तावित है। झा मंगलवार को मॉडल रेलवे स्टेशन बलिया में कराए जा रहे विकास कार्यों का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि बलिया स्टेशन के सुंदरीकरण के लिए कार्य किया जा रहा है। ऊपरी पैदल पुल के लिए साढ़े तीन करोड़ और सर्कुलेटिंग एरिया के लिए एक करोड़ का बजट पास हुआ है। फुट ओवरब्रिज के साथ एस्केलेटर का निर्माण कार्य भी दिसंबर तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इस मौके पर सांसद भरत सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने वाशिंग पिट का कार्य शुरू होने के संबंध में डीआरएम से पूछा, जिस पर डीआरएम ने बताया कि वाशिंग पिट का प्रस्ताव भी पास हो चुका है। इसके लिए काजीपुरा के पास जमीन चिह्नित कर ली गई है। दिसंबर तक इसका भूमिपूजन कर कार्य शुरू कराने की योजना है।
बताया कि चितबड़ागांव, फेफना सहित कई स्टेशनों पर यात्री सुविधा के लिए फुटओवर ब्रिज बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि दोहरीकरण का कार्य अगले दो वर्षों में पूरा होने की संभावना है। इसके साथ ही सांसद भरत सिंह अपनी निधि से करीमुद्दीनपुर से बकुल्हा तक के कुछ स्टेशनों पर वीआईपी कुर्सी लगाने का प्रस्ताव दिया। सांसद भरत सिंह ने कहा कि प्लेटफार्म नंबर एक की लंबाई भी बढ़ाई जा रही है। माल गोदाम को यहां से हटाकर जल्द फेफना शिफ्ट कर दिया जाए। इस पर डीआरएम ने कहा कि दिसंबर तक कई कार्य पूरे हो जाएंगे।
इस मौके पर सदर विधायक आनंद कुमार शुक्ला, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अरुण सिंह बंटू, डा अरुण सिंह गामा, रोशन जायसवाल, राजेश गुप्ता, लक्ष्मण सिंह, मिठाई लाल, सुरेंद्र सिंह, संजीव कुमार डंपू, संध्या पांडेय, कमलेश सिंह, प्रमोद पांडेय रहे।