सहतवार। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा छपिया गांव में नाली विवाद को लेकर दो पक्षों के लोग मंगलवार की शाम को भिड़ गए। इस दौरान हुई मारपीट तथा चाकूबाजी से दोनों पक्षों के 12 लोग घायल हो गए। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
छपिया ग्राम सभा में छोटी मस्जिद के बगल स्थित नाली के ऊपर पटिया रखने को लेकर मंगलवार की शाम को दोनों पक्षों में कहासुनी और हाथापाई होने लगी। कुछ ही देर में दोनों पक्षों में ईंट पत्थर, लाठी-डंडे एवं चाकू चलने लगे। इसमें एक पक्ष के सुरेंद्र प्रताप मिश्रा(26), मुन्ना (36), पिंटू सिंह (31), अमित मिश्रा(27), उन्नयन मिश्रा (25), संतोष वर्मा (33) एवं टुनटुन वर्मा (26) घायल हो गए। दूसरे पक्ष के गयासुद्दीन (25), गुलशन (16), सलीम (25), मोहम्मद (48) एवं भोला मोहम्मद(51) घायल हो गए। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी बांसडीह दीपचंद, सहतवार थानाध्यक्ष मंटू राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार किसी पक्ष की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है।