इंदरपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा 2026-27 को नकलविहीन कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जिले में सख्ती शुरू कर दी है। परिषद की ओर से जिले में ऑनलाइन माध्यम से 149 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
वहीं, अनियमितताओं के चलते 12 विद्यालयों को डिबार घोषित किया गया है, जबकि 13 विद्यालयों की मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई चल रही है। इन 25 विद्यालयों को इस वर्ष परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है।
नगरा क्षेत्र में इस बार तीन ऐसे विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जो करीब 10 वर्षों से केंद्र नहीं बन पा रहे थे।
इनमें आरडी इंटर कॉलेज पालचंद्रहां, अंजनी कॉन्वेंट इंटर कॉलेज गोठाई और जयप्रकाश इंटर कॉलेज नगरा शामिल हैं। परिषद के अनुसार, जिले के 13 विद्यालयों के खिलाफ मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई विचाराधीन है। इसके चलते इन्हें परीक्षा केंद्रों की सूची में शामिल नहीं किया गया है।