चौकियामोड़। जीएमएएम इंटर कॉलेज बेल्थरारोड के छात्र-छात्राओं ने फुटबाॅल में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। आजमगढ़ मंडल स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय के 12 खिलाड़ियों का चयन राज्यस्तरीय फुटबाॅल चैंपियनशिप के लिए हुआ है। एक साथ 12 खिलाड़ियों के चयन से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
चयनित खिलाड़ियों में अंडर-14 बालक वर्ग से अब्दुल रहमान, अंश भारती और मो. शाहिद शामिल हैं। अंडर-17 बालक वर्ग में मो. फैजान, मो. फहज, मो. अकमल, अनम और जिशान ने जगह बनाई है। अंडर-19 बालक वर्ग में टीम के गोलकीपर आकिब लारी का चयन हुआ है। वहीं, अंडर-17 बालिका वर्ग में सोनम यादव, नंदनी कुमारी, पायल और श्रेया ने अपने शानदार खेल के दम पर राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए स्थान पक्का किया है। प्रधानाचार्य मो. मोबिन ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।