दुबहर। दुबहर क्षेत्र में इन दिनों वन माफिया सक्रिय हैं। इनके चलते लगातार पेड़ों की अवैध कटाई हो रही है। इसके साथ ही हरे पेड़ों को काटकर बाजारों में लकड़ियों के बोटे को बाजारों में पहुंचाया जा रहा है। इनके भय से सहमे आसपास के वनवासी व ग्रामीण भी चुप्पी साधे रखते हैं। वहीं, वन विभाग कर्मी भी अपनी आंखें मूंदे रहते हैं। इसके चलते हरा भरा वन क्षेत्र भी उजड़ता जा रहा है।
क्षेत्र में तैनात वन कर्मियों के पिछले कई महीनों से क्षेत्र में न आने से वन माफियाओं की चांदी कट रही है। वह रोजाना सैकड़ों पेड़ों को काट देते हैं। इससे क्षेत्र का वन क्षेत्र लगातार सिकुड़ता चला जा रहा है। इस संदर्भ में क्षेत्र के ग्राम प्रधान संघ के मंडल अध्यक्ष विमल पाठक ने जिलाधिकारी सहित डीएफओ को पत्र लिखकर वन दारोगा एवं वन रक्षक की उपस्थिति क्षेत्र में सुनिश्चित कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जल्द ही यदि वन विभाग सक्रिय न हुआ तो वन माफिया पूरे क्षेत्र को उजाड़ बना देंगे। उधर, वन विभाग के डीएफओ सुधा यादव ने पूछने पर बताया कि इस समय नर्सरी में पौधों की देखभाल के लिए वन कर्मी लगाए गए हैं, फिर भी जो वन कर्मी फिल्ड में नहीं जाते हैं, उनकी शिकायत करने पर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।