बलिया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज बलिया के प्रभारी प्रधानाचार्य को मूल्यांकन कार्य को सम्यक निर्वहन नहीं करने व उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण में लापरवाही पर पद के दायित्वों से मुक्त कर दिया। डीआईओएस ने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बछईपुर के प्रधानाचार्य को प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज बलिया का अतिरिक्त प्रभार देकर मूल्यांकन कार्य सुचारु रूप से कराने का निर्देश दिया है।
पिछले दो दिनों से मूल्यांकन कार्य को लेकर माध्यमिक शिक्षकों के एक गुट की ओर से बहिष्कार करने के कारण केंद्रों पर ऊहापोह की स्थिति रही। हालांकि शनिवार को तीन केंद्रों पर कापियों के जांचने का काम शुरू हो गया लेकिन राजकीय इंटर कॉलेज बलिया केंद्र पर मूल्यांकन शुरू नहीं हो सका। इसको लेकर डीआईओएस ने रविवार को मूल्यांकन केंद्रों का जायजा लेने निकले। वह सबसे पहले टाउन इंटर कॉलेज पर पहुंचे जहां मूल्यांकन शुरू था इसके बाद व जीजीआईसी पहुंचे यहां भी मूल्यांकन का कार्य शुरू हो चुका था। लेकिन जब वह करीब 11 बजे राजकीय इंटर कॉलेज बलिया पर पहुंचे तो यहां मात्र एक कोठार खुला था और कैंपस में बच्चे खेल रहे थे।
केंद्र पर कोई भी कक्ष तक नहीं खुला था। डीआईओएस ने माना कि मूल्यांकन कार्य को लेकर प्रभारी प्रधानाचार्य अपने कर्तव्यों के निर्वहन करने में समर्थ नहीं हैं। यह भी पाया कि उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण में लापरवाही बरती गई है और उनके आदेशों व निर्देशों की अवहेलना की गई है। डीआईओएस ने राजकीय इंटर कालेज बलिया के प्रवक्ता अरुल को प्रधानाचार्य व मूल्यांकन केंद्र के उपनियंत्रक पद से मुक्त करते हुए राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बछईपुर के प्रधानाचार्य प्रफुल्ल कुमार श्रीवास्तव को उक्त पदों की जिम्मेदारी देते हुए मूल्यांकन कार्य सकुशल कराने का आदेश दिया है। डीआईओएस ने श्रीवास्तव को अगले आदेश तक प्रभारी प्रधानाचार्य का अतिरिक्त प्रभार की जिम्मेदारी दी गई है।