लालगंज। बैरिया थाना क्षेत्र के सेमरिया बस्ती में मंगलवार को भोर में करीब चार बजे आग लगने से पांच परिवारों की रिहायशी झोपड़ियां राख हो गईं। आग से नगदी और गृहस्थी का सारा सामान नष्ट हो गया। वहीं, एक युवक और एक गाय झुलस गई।
सेमरिया बस्ती निवासी मालती देवी पत्नी स्व. तुलसीराम की झोपड़ी में भोर में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। जब तक परिवार के लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटों की जद में बगल में स्थित पप्पू राम, अनंत राम, गोगा राम और राजेश राम की झोपड़ियां भी आ गई। कुछ ही देर में पांचों झोपड़ियां धू-धू कर जलने लगीं, जिससे बस्ती में अफरातफरी का माहौल हो गया। मौके पर जुटे ग्रामीणों को आग पर काबू पाने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी। इस हादसे से पांच परिवारों की झोपड़ियों में रखे गहने, नगदी, अनाज, बिस्तर और बर्तन आदि राख हो गए। आग की लपटों के बीच सामान निकालने के चक्कर में अनंत राम जहां झुलस गया। वहीं, पप्पू राम एक गाय भी झुलस गई।