बलिया। सुरक्षा के मद्देनजर शहर के प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे शोपीस बनकर रह गए हैं। इनकी मरम्मत कराने में पुलिस महकमा उदासीन है। ऐसे में शहर में कोई बड़ी वारदात हो जाए तो अपराधियों को शिनाख्त करना पुलिस के लिए मुश्किल हो जाएगा।
नगर में अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा नगर के विशुनीपुर चौराहे पर छह तथा यूको बैंक चौराहे पर एक सीसीटीवी कैमरा लगाए गए हैं। इसके अलावा स्टेशन के बाहर स्थित पुलिस पिकेट के पास छह सीसीटीवी कैमरा लगाए हैं। जबकि नगर के अत्यंत व्यस्तम इलाका शहीद चौक पार्क के उत्तर दिशा में दो सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है। लेकिन इसमें से अधिकांश कैमरे जमीन या आसमान की ओर निगहबानी कर रहे हैं। इनकी मॉनिटरिंग ओक्डेनगंज पुलिस चौकी से होती है। लेकिन ये वर्तमान में खराब पड़े हुए हैं।
उधर, गड़वार तिराहे पर चार तथा टीडी कॉलेज चौराहे पर चार कैमरे लगाए गए हैं। लेकिन वर्तमान में दोनों स्थान पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े हुए हैं। उधर, भरौली गोलम्बर स्थित पुलिस पिकेट पर दो तथा बैरिया थाने के चांदपुर दियर चौकी पर दो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है। ताकि सीमा के रास्ते होने वाली तस्करी की निगहबानी की जा सके और किसी अपराध के होने पर अपराधियों की पहचान में कैमरे के फुटेज का सहारा लिया जा सके। यह कैमरे भी सही दिशा में नहीं लगाए गए हैं। आलम यह है कि कोई कैमरा आसमान की ओर देख रहा है तो कोई कैमरा जमीन की ओर देख रहा है। इसके प्रति पुलिस महकमा तब जागता है, जब नगर में कोई बड़ी घटना घटित हो जाती है। इसके लगाने का उद्देश्य साफ है कि अपराधी अपराध करने से घबराएगा और उसके अंदर खौफ रहेगा। लेकिन पुलिस महकमा इस कवायद में फेल है। जिसके चलते अधिकांश कैमरे शोपीस बने हुए हैं।