भारत बंद में बवाल, धरना प्रदर्शन
बलिया। नौकरियों और शिक्षा में जाति आधारित आरक्षण के विरोध में मंगलवार को जनपद में बंद रहा। बैरिया, सिताबदियारा, भीमपुरा, बेरुआरबारी, गड़वार में प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए और जुलूस निकाल कर दुकानें बंद कराईं। बेरुआरबारी में बंद का असर दिखा। शाम तक बाजार में दुकानें नहीं खुलीं। भीमपुरा थाना क्षेत्र के कसेसरमें युवाओं ने सड़क जाम कर नारेबाजी की तो भीमपुरा बाजार में जुलूस निकाला। दयाछपरा में युवाओं ने क्षेत्र के चट्टी चौराहों पर घूम-घूमकर आर्थिक रूप से आरक्षण देने की मांग उठाई। बैरिया में सैकड़ों की संख्या में युवक टोला शिवन राय से बाइक से जुलूस की शक्ल में नारा लगाते हुए बैरिया पहुंचे और द्वाबा के मालवीय कहे जाने वाले स्व. मैनेजर सिंह की प्रतिमा पर फूलमाला चढ़ाने के बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा। वहीं, सिताबदियारा में नवयुवकों ने सड़क पर निकल कर बाजारों को बंद कराया। भारत बंद के समर्थन में गड़वार थाना क्षेत्र के चोगड़ा चट्टी पर दुकान बंद करने का विरोध करने पर दो दुकानदारों से मारपीट की घटना हुई, जिसमें पुलिस ने एक नामजद व आधा दर्जन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
बैरिया। आरक्षण के विरोध में भारत बंद के मद्देनजर मंगलवार को बैरिया में सैकड़ों की संख्या में युवक जयप्रकाशनगर से बाइक जुलूस निकाल बैरिया पहुंचे। जहां द्वाबा के मालवीय स्व. मैनेजर सिंह की प्रतिमा पर फूलमाला चढ़ाने के बाद बाजार भ्रमण किया। फिर तहसील पर गए और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा। समाजसेवी दुर्गविजय सिंह झलन के नेतृत्व में निकले बाइक जुलूस में काफी संख्या में युवक शामिल रहे।
आंदोलन के मद्देनजर बैरिया व रानीगंज में भारी संख्या में पुलिस व पीएसी के जवान तैनात किए गए थे। वहीं जुलूस के आगे-पीछे बैरिया सर्किल के सभी थानों के फोर्स के अलावा एसडीएम राधेश्याम पाठक, सीओ उमेश यादव, तहसीलदार शशिकांत मणि के अलावा एसएचओ बैरिया, दोकटी व अन्य उपनिरीक्षक मौजूद थे। एहतियात के तौर पर मांझी-बलिया के बीच चलने वाली उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन की बसों को सुरक्षित स्थानों पर खड़ा कर दिया गया था, किंतु प्राइवेट वाहन रोज की तरह सड़कों पर दौड़ते रहे। जुलूस में निर्भय सिंह गहलौत, रवींद्र सिंह गुड्डू, ब्रजेश सिंह, बबलू सिंह, बबलू यादव, इशांत सिंह, अनिल सिंह, अमित सिंह, बबलू उपाध्याय सहित सैकड़ों युवक शामिल थे।
जयप्रकाशनगर। आरक्षण के विरोध में भारत बंद का असर सिताबदियारा में भी दिखा। नवयुवकों ने सड़क पर निकल कर बाजारों को बंद कराना शुरू कर दिया। इस दौरान सड़क पर टायर जलाकर नारेबाजी भी की। सिताबदियारा पंचायत के पूर्व भाजपा अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने कहा कि देश से आरक्षण पूरी तरह खत्म होना चाहिए। आरक्षण को लेकर ही देश में असमानता बढ़ रही है। वहीं, सिताबदियारा पंचायत के वर्तमान भाजपा अध्यक्ष चंदन सिंह ने कहा कि आरक्षण के चलते ही समाज में भेदभाव का माहौल है। इस मौके पर चंदन सिंह, कर्ण कमार सिंह, राकेश सिंह, रितेश सिंह, रिषिकेश सिंह, मुन्ना सिंह, बाघा सिंह, अमरिश सिंह, जैकी सिंह, सहित सैकड़ों युवा शामिल रहे।
दया छपरा। आरक्षण के विरोध में युवाओं ने क्षेत्र के चट्टी चौराहों पर घूम-घूमकर आर्थिक रूप से आरक्षण देने की मांग उठाई। कहा कि शिक्षा में आरक्षण गलत है। अगर आरक्षण के द्वारा प्रतिभाओं को दबाया गया तो समाज में अनेकों विसंगतियां पैदा होंगी, जो सरकार के बस की बात नहीं रह जाएगी। भ्रमण करने वालों में छात्रनेता मैनेजर सिंह, प्रदीप पाण्डेय, रितेश पाण्डेय, अनिल सिंह, पिंटू पाण्डेय समेत दर्जनों लोग शामिल रहे।
बेरूवारबारी। सुखपुरा थाना क्षेत्र के बेरुवारबारी ब्लाक मुख्यालय पर मंगलवार को भारत बंद के मद्देनजर युवाओं के आह्वान पर सभी दुकानें बंद रहीं। बंदी पूर्ण रूप से सफल रही। युवाओं की मांग थी कि आरक्षण आर्थिक आधार पर होनी चाहिए। आरक्षण की वजह से प्रतिभा की हत्या हो रही है, जबकि आज भी जिसको आरक्षण चाहिए, वह अभी भी पिछड़े हुए हैं। जबकि उसका लाभ दूसरे लोग ही लेते हैं और जरूरत मंद लोग वहीं के वहीं रह जाते हैं। सरकार से मांग किया कि जल्द से जल्द आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करे।
रेवती। भारत बंद के आह्वान पर मंगलवार की सुबह नगर के बाजार की दुकानें मध्याह्न 12 बजे तक आंशिक रूप से बंद रहीं। दुकाने बंद कराने को लेकर दुकानदारों एवं बंद समर्थकों के बीच हुई नोकझोंक के कारण तनाव की स्थिति रही। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष सुरेश सिंह ने बंद समर्थकों पर हल्का बल प्रयोग कर खदेड़ा। इसी क्रम में रेवती बैरिया मार्ग स्थित चौबेछपरा छेड़ी तिराहे पर पेड़ की डाल द्वारा यातायात बाधित करने की कोशिश की गई। सूचना पर पुलिस ने पहुँच कर बंद समर्थकों को खदेड़ कर यातायात बहाल कराया।
चिलकहर। गड़वार थाना क्षेत्र के चोगड़ा चट्टी पर मंगलवार की सुबह भारत बंद के पक्ष में दुकान बंद कराने को लेकर विवाद हो गया। मारपीट में दो दुकानदार घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे गड़वार थानाध्यक्ष ने स्थिति को नियंत्रित किया। इस मामले में पीड़ित दुकानदारों की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद व छह अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, सूचना पर पहुंचे पूर्व विधायक सनातन पांडे ने थानाध्यक्ष से उचित कार्रवाई की मांग की।
भारत बंद के पक्ष में कुछ युवक करीब 11 बजे चोगड़ा चट्टी पर पहुंचे और दुकानें बंद कराने लगे। इसी दौरान दो दुकानदार संजय वर्मा और पिंटू वर्मा से दुकान बंद करने को लेकर विवाद हो गया। इस पर युवकों ने दोनों दुकानदारों की पिटाई कर दी। थानाध्यक्ष गड़वार ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया। दुकानदार की तहरीर पर एक नामजद व करीब छह अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद घायल दुकानदारों को मेडिकल मुआयना के लिए भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष श्रीराम सिंह ने बताया कि पीड़ित दुकानदार की तहरीर पर एक नामजद अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है, तत्काल रुप से हर हाल में माहौल बिगाड़ने वालों को आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।
भीमपुरा। आरक्षण के विरुद्ध मेंभारत बंद के आह्वान पर कसेसर व भीमपुरा में युवाओं ने मंगलवार को जुलूस निकाला। सैकड़ों की संख्या में कसेसर बाजार से जुलूस की शक्ल में आरक्षण के विरोध में नारा लगाते हुए युवाओं ने कुछ देर तक सड़क भी जाम किया। इसके बाद भीमपुरा बाजार पहुंचे, जहां शांतिप्रिय ढंग से दुकानदारों को अपने पक्ष में समर्थन करने के लिए बंद की अपील की। बता दें कि युवाओं के प्रस्तावित आंदोलन के क्रम में मंगलवार की सुबह 9 बजे कसेसर बाजार में क्षेत्रीय युवाओं ने दुकानों को बंद कराकर अपने मुहिम को सफल बनाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस भीड़ के इर्द गिर्द घूमती रही। लगभग 02 घंटे चले बाजार बंद के दौरान कुछ देर तक सड़क जाम भी रहा। उसके बाद युवाओं का हुजूम भीमपुरा बाजार पहुंचा, जहा दुकानों को बंद करवाया। रोडवेज सहित प्राइवेट व स्कूली वाहन बिना रोकटोक चल रहे थे। भीमपुरा थानाध्यक्ष जगदीश प्रसाद पुलिस जवानों के साथ चक्रमण करते रहे। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस व पीएसी के जवान हर दलित बस्ती के पास तैनात किए गए थे।
रसड़ा। नगर में आरक्षण के विरोध में युवाओं ने बाइक जुलूस एवं जुलूस निकालकर नगर भ्रमण कर विरोध प्रदर्शन किया। आरक्षण के विरोध में आरक्षण का अत्याचार बंद करो आदि नारेबाजी करते हुये भ्रमण कर दुकानदारों से दुकान बंद करने का आह्वान किया। इस मौके पर वेद प्रकाश सिंह, रिंकू, रामेश्वर सिंह डब्बू, अंकित सिंह, सत्येंद्र सिंह, अविनाश सोनी, राघवेंद्र सोनी, सर्वेश पाण्डेय, धनंजय पाण्डेय, पवन सिंह, राणा सिंह, अरविंद सिंह आदि उपस्थित रहे।
रेवती। भारत बंद के मद्देनजर मंगलवार को रेवती एवं चौबे छपरा छेड़ी ढाला पर क्रमश: जबरन बाजार बंद कराने एवं सड़क जाम के मामले में पुलिस ने दो मुकदमा कायम किया है। थानाध्यक्ष सुरेश सिंह ने बताया कि रेवती बाजार में दुकाने बंद कराने के मामले में 143,353,504,506 आईपीसी धारा के अंतर्गत 1 नामजद एवं 15 अज्ञात लोगों तथा रेवती बैरिया मार्ग स्थित चौबे छपरा छेड़ी तिराहे पर सड़क जाम करने के मामले में 20 अज्ञात लोगों के विरुद्ध 143,341,353 आईपीसी के अंतर्गत मुकदमा कायम किया गया है। बताया कि दोनों जगहों पर फोटोग्राफी एवं रिकार्डिंग की गई है। जिसके आधार पर चिन्हित कर कार्यावाही की जायेगी।
नगरा। आरक्षण के विरोध में दो दर्जन से अधिक युवाओ ने मंगलवार को अपराह्न तीन बजे नगरा बाजार को बंद कराने का प्रयास किया। बाजार में पहुँचे आरक्षण विरोधी हाथों में भगवा झंडा तथा तिरंगा पकड़े आरक्षण समाप्त करो के नारे लगा रहे थे तथा जबरन दुकानों को बंद करा रहे थे। दुकान बंद कराने को लेकर युवाओं से एक दो व्यापारियों की झड़प हुई। किसी तरह की अनहोनी या विवाद होने से बचने के लिए व्यापारियों ने कुछ देर तक अपनी अपनी दुकानें बंद रखीं और आरक्षण विरोधियों के जाते ही सभी दुकानें पूर्ववत खुल गईं। इस दौरान नगरा पुलिस और पीएसी की जवान मुस्तैद दिखे।