रेवती। जिला पूर्ति अधिकारी के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक बांसडीह राहुल भारतीय ने स्थानीय नगर पंचायत स्थित वार्ड नंबर 8 तथा 9 की सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण करने के पश्चात स्टाक का पूरा पाया गया । बावजूद इसके पूर्ति निरीक्षक द्वारा गोदाम को पुलिस की उपस्थिति में सील कर दिया गया।
सोमवार को पूर्ति निरीक्षक बांसडीह अचानक नगर पंचायत के वार्ड नंबर 8 तथा नौ स्थित राजेश तिवारी के सरकारी सस्ते गल्ले के गोदाम पर पहुंचे।जहां उन्होंने स्टाक का मिलान किया।पूर्ति निरीक्षक श्री भारतीय ने बताया कि 168 बोरी गेहूं तथा 118 बोरी चावल का उठान हुआ था। जो गोदाम में पूरा पाया गया। उन्होंने कहा कि बिना मेरे संज्ञान में लाए गोदाम का स्थानांतरण हुआ है। उक्त प्रकरण की जानकारी मेरे द्वारा उच्च अधिकारियों को दी जाएगी। एसआई श्री कृष्ण यादव की उपस्थिति में पूर्ति निरीक्षक ने गोदाम को सील करवा दिया।
उधर कोटेदार राजेश तिवारी का कहना है कि पहले मेरा गोदाम अनूप श्रीवास्तव के मकान में था। अब उनके द्वारा गोदाम खाली कराए जाने के पश्चात तेज नारायण पाण्डेय के घर में है। गोदाम बदलने की सूचना पूर्ति निरीक्षक कार्यालय एवं विपणन निरीक्षक को मेरे द्वारा लिखित रुप से दी गई है। राजनीतिक द्वेष की भावना तथा मुझे बदनाम करने की साजिस के तहत मुझे परेशान किया जा रहा है।