बलिया। जिले में रविवार को आग की कहर में विभिन्न इलाकों की 23 झोपड़ियां और दो सौ बोझ सहित 305 गेहूं की फसल जलकर राख हो गईं। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड टीम ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक अगलगी की घटना में कई किसानों और ग्रामीणों की उम्मीदों पर पानी फिर चुका था।
घोघा/ बांसडीह संवाददाता के अनुसार बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के बड़सरी के राजभर बस्ती निवासी चेगन राजभर की रिहायशी झोपड़ी से आग की लपटें उठने लगी। आसपास के लोगों ने शोर मचाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग ने विकराल रूप धारण कर बगल के चेंगन राजभर, मेंगन राजभर, बब्बन राजभर, लक्ष्मण राजभर, हृदयानन्द राजभर, छोटक राजभर, धनु राजभर, श्रीनिवास राजभर, बटोही राजभर, रघु राजभर, लालजी राजभर की रिहायशी झोपड़ियों को अपनी आगोश में ले लिया। जिसमें नगदी रुपया सहित गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। आसपास के लोगों के अथक प्रयास से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। आग की सूचना मिलते ही बांसडीह कोतवाली निरीक्षक गगन राज सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
मनियर संवाददाता के अनुसार थाना क्षेत्र के गोडवली बिंद बस्ती में रविवार की सुबह नौ बजे मिश्री लाल बिंद के घर के चूल्हे से निकली चिंगारी से पांच परिवारों की 10 रिहायशी मड़हे जलकर राख हो गये। सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के जवानों और ग्रामीणों के अथक प्रयास से आग पर काबू पाया गया। बताया जा रहा है कि गोडवली बिंद गांव निवासी मिश्री लाल बिंद के परिवार की महिलाएं भोजन बना रही थी। इसी बीच चूल्हे से निकली चिंगारी ने रिहायशी मड़हे में आग पकड़ लिया। अभी लोग कुछ कर पाते कि आग ने विकराल रूप धारण कर पड़ोस के रामनाथ बिंद, रामपृत, बालरूप व धर्मेंद्र बिंद के रिहायशी मड़हे को अपने आगोश में ले लिया।
दुबहर संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के दादा छपरा में बीती रात विश्वनाथ पाठक के खलिहान में अज्ञात कारणों से गेहूं के सौ बोझ जलकर राख हो गए। अभी हाल ही में विश्वनाथ पाठक ने फसलों की खेतों से कटाई कराकर खलिहान लाए थे। लेकिन बीती रात अचानक 12 बजे किसी के आग लगा देने से इनके 100 बोझ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते हुए गरीब परिवार किसान को मुआवजा देने की पत्रावली को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
बेल्थरारोड: उभाव थाना क्षेत्र के सोनाडीह गांव के तीन किसानों के खेतों में शार्ट सर्किट से रविवार की दोपहर में आग लग गई। आग देखते ही देखते आस-पास के खेतों में पहुंच गयी। आग की लपटें और धुवां देख लोग खेतों के पास पहुचे तबतक आग ने विकराल रूप ले लिया था। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड के साथ-साथ उभाव थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए, और कड़ी मेहनत कर आग पर काबू पाया। सोनाडीह के संजय यादव,राजेश मिश्रा,दिनेश शुक्ल आदि किसानों के खेत की फसल जलकर राख हो गयी।
रेवती: स्थानीय थाना क्षेत्र के रेल स्टेशन के दक्षिण स्थित काली मिट्टी के पांच मौजाओं में अज्ञात कारणों से लगी आग में 350 बीघा से अधिक गेहूं की खड़ी फसल जल कर राख हो गयी। पछुआ के झोंकों से उडी़ आग की चिंगारी ने पांच मौजाओं में अलग अलग गिर कर लगभग सौ से अधिक किसानों की खड़ी गेहूं की फसल को चपेट में लिया। सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची अग्नि शमन की दो गाड़ियों की सहायता से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक बहुत कुछ बर्बाद हो चुका था।
रविवार के दिन कमालपुर मौजा स्थित जनार्दन सिंह के खेत पर आग लगनी शुरू हुई। देखते ही देखते आग ने पछुआ हवाओं के शह से भयानक रूप ले लिया। आग कामता, विशनपुरा, हरिहरपुर, घघरौली आदि मौजाओं में गेहूं की खड़ी फसल को अपनी चपेट में ले लिया। लोगों द्वारा नलकूप चलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। कमालपुर के किसानों की 45 बीघा, कामता व घघरौली के किसानों की 170 बीघा, बिशुनपुरा तथा हरिहरपुर के किसानों की 160 बीघा गेहूं की खड़ी फसल को भस्म कर दिया। आग की सूचना पाकर हजारों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर एसडीएम बैरिया विपिन जैन तथा कानूनगो तारकेश्वर सिंह मौके पर पहुंचकर क्षति का जायजा लिए।
लालगंज: दोकटी थाना क्षेत्र के चिरंजी छपरा गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग में सौ से अधिक गेंहू का बोझ जलकर राख हो गया। ग्रामीणों द्वारा आग बुझाई गई।दोकटी थाना क्षेत्र के चिरंजी छपरा निवासी मुहम्मद आजीम अंसारी पुत्र मुहम्मद मजीद अंसारी अपने खेत के गेंहू के कटाई कर एक जगह इकट्ठा कर रखे थे । रविवार के शाम करीब छ: बजे अज्ञात कारण से गेहूं के बोझ के ढेर में आग लग गई जिससे सौ से अधिक गेंहू का बोझ जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि हवा तेज नहीं थी, नहीं तो और लोगों का गेहूं का बोझ जलकर राख हो जाता।
रसड़ा: क्षेत्र में तिराहीपुर गांव निवासी जगदीश निषाद के झोपड़ी में अगलगी से सब कुछ जलकर स्वाहा हो गया। पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे जीवन यापन करने को मजबूर है। श्रीनाथ मठ के महन्थ कौशलेन्द्र गिरी ने पीड़ित परिजनों से मिलकर आर्थिक सहायता प्रदान कर हर हाल में पुत्री की शादी धूमधाम से होने का भी आश्वासन दिया। महंत ने मोबाइल से उच्चाधिकारियों से वार्ता कर शासन- प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाने का भी आश्वासन दिया। जगदीश की परिजन सदमे में है। इसी माह इनकी पुत्री की शादी होनी है। इस अगलगी में जगदीश निषाद के पुत्री की शादी के खरीदे समान भी जल कर स्वाहा हो गये है। इस मौके पर हिन्दू युवा वाहिनी अविनाश सोनी, ठाकुर मंगल सिंह, संदीप सिंह, बृजराज सिंह, संजय सिंह, टुन्ना बाबा आदि लोग उपस्थित रहे।
मंदिर के बाहर लगी आग: बेल्थरारोड। सोनाडीह स्थित भागेश्वरी-परमेश्वरी मंदिर से सटे हनुमान मंदिर के पीछे अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आया पेड़ धूं-धूं कर जलने लगा। यह देख मेले में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। पुलिस की सूचना पर मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने पेड़ पर पानी उड़ेल आग पर काबू पाया। इन दिनों मंदिर परिसर में पूजन-अर्चन का दौर चल रहा है। इस दौरान श्रद्धालु मन्नत पूरी होने के बाद देवी को पूरी हलवा का प्रसाद चढ़ाते हैं।
इसी क्रम में मंदिर पर श्रद्धालुओं द्वारा देवी को प्रसाद जाने के लिए पूरी-हलवा बनाया जा रहा है। समझा जाता है कि किसी श्रद्धालु ने व्यंजन बनाने के लिए चूल्हा जलाया। इस दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी ने आग का रूप धारण कर लिया और पास की एक पेड़ को अपनी चपेट में ले लिया जिससे पेड़ धूं-धूं कर जलने लगा। यह देख मौके पर भगदड़ मच गई। आग की उठती लपटों को देख मेले में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंचे तथा जलते पेड़ पर पानी उड़ेल आग पर काबू पाया। उधर, मंदिर से आधा किलोमीटर दूर स्थित खेत में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इससे कुनकुन मिश्र का दो बीघा गेहूं और संजय यादव का दस कट्ठा अरहर जलकर भस्म हो गया।