सिकंदरपुर। जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम ने शनिवार को विकास खंड नवानगर के अंत्योदय गांव करसी में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। उन्होंने राज्य व केंद्र सरकार की हर लाभकारी योजनाओं की जानकारी और पात्रों को लाभ लेने को प्रेरित किया। विधायक संजय यादव भी मौजूद थे।
चौपाल में जिलाधिकारी ने गांव में हुए एक-एक विकास कार्यों का सत्यापन ग्रामीणों से पूछकर किया। कहा कि सरकार की मंशा है कि गांव में हर तबके के लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचे। यह गांव अंत्योदय गांव में चयनित है, लिहाजा इस गांव का चहुंमुखी विकास होगा। यानि अब तक अगर कोई काम छूटा होगा तो उसे भी कार्ययोजना में लेते हुए पूरा कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से विशेष अपील किया कि शौचालय हर घर में बनवाएं। सरकार इसके लिए 12 हजार रुपये भी दे रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि योजनाओं का लाभ लेने के लिए जरूरी है कि उसकी जानकारी सबको हो। इसके लिए सरकार विभिन्न माध्यमों से प्रचार प्रसार भी कर रही है, लेकिन ग्रामीणों को भी चाहिए कि स्वयं रुचि लेकर उसकी जानकारी करें। उन्होंने कल्याणकारी योजनाओं जैसे पेंशन, राशन आदि के बारे में सत्यापन किया। कहा कि अगर कोई पात्र है और इसका लाभ लेने से वंचित है वह फार्म भरें। उनको भी लाभान्वित किया जाएगा। मनरेगा के तहत जॉब कार्डधारकों के सापेक्ष कम लोगों को रोजगार देने पर रोजगार सेवक को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि जब गांव में कई दर्जन मजदूर बेरोजगार हैं तो उनको मनरेगा के तहत लाभ क्यों नहीं दिया जा रहा है ? ग्राम पंचायत में हुए विकास कार्यों, पेंशन, राशनकार्ड आज के बारे में लाभार्थियों का नाम लेकर सत्यापन किया। विधायक संजय यादव ने कहा कि अंत्योदय गांव होने के नाते सरकार हर योजना का लाभ इन गांवों में देगी। हमारे प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री जी गांवों के विकास के लिए तत्पर हैं। समाज के हर वर्ग व हर तबके के विकास के लिए सरकार काम कर रही हैं। समाज के अंतिम पायदान तक के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। चौपाल में जिला पूर्ति अधिकारी ने राशन से जुड़ी लाभकारी बातें बताई। इस दौरान जिला विकास अधिकारी शशि मौली मिश्रा, डीसी मनरेगा उपेंद्र पाठक, खंड विकास अधिकारी चंद्रमोहन कनौजिया, एपीओ सुमित सिंह, एडीओ पंचायत वीरेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।