बलिया। पं. दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर सोमवार को विकास खण्ड़ पन्दह में तीन दिवसीय अन्त्योदय मेला/प्रदर्शनी का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी सीएम कनौजिया ने फीता काटकर किया।
बीडीओ ने कहा कि जब तक सबसे अन्तिम व्यक्ति तक विकास की किरण नहीं पहुंचेगी, तब तक देश व समाज का संपूर्ण विकास नहीं होगा। उन्होंने देश व समाज के निर्माण में सभी से सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय ने कहा था कि प्रत्येक राष्ट्र अपने वैभव की कामना को लेकर प्रगति करता है। वैभव की यह कामना अत्यन्त स्वाभाविक है, जिसमें कामना नहीं, उसे मानव कहना अनुपयुक्त होगा। जब सामूहिक रूप से अपना-अपना काम करके राष्ट्र की चिन्ता करेंगे, तो सबकी व्यवस्था अपने आप हो जायेगी। इस अवसर पर सूचना विभाग द्वारा दीनदयाल उपाध्याय के जीवन वृत्त पर चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया एवं कैलेंडर एवं प्रचार साहित्य का वितरण किया गया। इसके साथ ही बिरहा एवं लोकगीत के माध्यम से दीनदयाल उपाध्याय के जीवन चरित्र एवं विकास कार्यों का प्रचार-प्रसार किया गया। इस मेले में कृषि विभाग, प्रोबेशन/महिला कल्याण, पशुपालन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास परियोजना स्वयं सहायता समूह द्वारा अपने-अपने स्टाल लगाकर जन सामान्य को योजनाओं की जानकारी दी गयी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेडिकल कैम्प लगाकर मरीजों का परीक्षण किया गया व दवायें वितरित की गई। इस अवसर पर सीडीपीओ मालती देवी, सामाजिक कार्यकर्ता राम विलाश, धर्मेन्द्र श्रीवास्तव, नुरूल हसन के साथ आशाबहू एवं आंगनबाडी कार्यकत्री उपस्थित रही।