फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अब सेटेलाइट बताएगा यहां पर है परीक्षा केन्द्र

विज्ञापन
विज्ञापन
बलिया। वर्ष 2018 की बोर्ड परीक्षा केन्द्रों की मॉनीटरिंग सेटेलाइट के माध्यम से होगी और मैप परीक्षा केन्द्र लोकेशन बताएगा। इसके लिए शासन की ओर से कवायद तेज हो गई है और माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से निर्धारित ऐप पर सभी प्रधानाचार्यों को स्कूल के बाबत पूरा ब्योरा अंकित किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार ऐप पर अंकित ब्योरे के आधार पर ही केन्द्र का निर्धारण भी किया जाएगा।
विज्ञापन

शिक्षा माफिया और अधिकारियों की गठजोड़ से मानक के विपरीत परीक्षा केन्द्रों को बनाने का खेल सालों से चल रहा है। लेकिन अब इस खेल पर लगाम लगाने की तैयारी शासन ने कर ली है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से परीक्षा केन्द्र निर्धारण के लिए एक खास मोबाइल ऐप यूपीएमएसपी बनाया गया है। चूंकि प्रत्येक विद्यालय का डाटा पहले से तैयार है और इसके लिए विद्यालयों को यूजर आईडी और पासवर्ड भी आवंटित है। सभी स्कूलों के प्रधानाचार्य मोबाइल पर निर्धारित ऐप को डाउनलोड करने के बाद विद्यालय परिसर में मौजूद रह कर अपने यूजर आईडी तथा पासवर्ड से खोलेंगे। इसके बाद प्रधानाचार्य को स्कूल से संबंधित सभी तरह का ब्यौरा ऑनलाइन ही अंकित करना होगा। इसके बाद स्कूलों की ओर से उपलब्ध कराए गए ब्योरे का भौतिक सत्यापन किया जाएगा और गलत जानकारी पाए जाने पर संबंधित स्कूल के खिलाफ कार्रवाई भी हो सकती है। शासन के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से सभी स्कूलों के प्रधानाचार्योँ को पत्र जारी किया गया है।
इनसेट...
यह देनी होगी जानकारी
बलिया। बोर्ड परीक्षा केन्द्र निर्धारण के लिए बोर्ड ओर से निर्धारित ऐप पर अक्षांश और देशांतर, संपर्क मार्ग से न्यूनतम दूरी, स्कूल का पांच फोटो, कक्षों की संख्या, फर्नीचर की संख्या का अंकन ऑनलाइन करना होगा। इसके अलावा पांच किमी, आठ किमी और आठ किमी की परिधि में आने वाले स्कूलों का नाम भी ऑनलाइन अंकित करना होगा।
विज्ञापन

इनसेट...
चूक होने पर गलत हो जाएगा लोकेशन
बलिया। बोर्ड परीक्षा केन्द्र निर्धारण के लिए निर्धारित ऐप को विद्यालय परिसर में रह कर खोलने पर मोबाइल पर मैप प्रदर्शित होगा। मैप में ब्लू स्पॉट दिखेगा जो स्कूल का वास्तविक स्थिति को प्रदर्शित करेगा। ब्लू स्पॉट के साथ ही गुलाबी या लाल रंग प्वाइंटर भी दिखेगा जो ब्लू स्पॉट के ठीक ऊपर होना चाहिए तभी सही लोकेशन होगा। अगर ऐसा नहीं है तो मैप में ब्लू स्पॉट को टैप करने से प्वाइंटर खिसकेगा और जब ब्लू स्पॉट के ठीक उपर आए तो उसे सेव करना होगा। बिना ब्लू स्पॉट के ऊपर लाए मैप को सेव करने से स्कूल का अक्षांश तथा देशांतर गलत दर्ज हो जाएगा। इस दर्ज अक्षांश और देशांतर को परिषद के वेबसाइट पर देखा जा सकेगा।
इनसेट...
मॉनीटरिंग करना हो जाएगा आसान
बलिया। शासन की ओर से की गई कवायद अगर लागू होती है तो वर्ष 2018 में बिना मानक के परीक्षा केन्द्र का निर्धारण करना आसान नहीं होगा। स्कूल का पूरा ब्योरा ऑनलाइन होने के कारण शासन स्तर तक इसकी मॉनीटरिंग आसान हो जाएगी और अधिकारियों की मनमानी पर भी अंकुश लग सकेगा।
वर्जन-
वर्ष 2018 के बोर्ड परीक्षा केन्द्र निर्धारण के लिए सभी स्कूलों को माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से निर्धारित ऐप पर ऑनलाइन ब्योरा देना होगा। इस बाबत सभी प्रधानाचार्योँ को पत्र भेजा गया है।
विज्ञापन

अमरनाथ राय
डीआईओएस, बलिया
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें