बलिया। अगर आप अपनी पसंदीदा बाइक खरीदने की सोच रहे हैं तो यह आपके लिए सुनहरा अवसर है। पहली जुलाई से जीएसटी लागू होने वाला है। इसको लेकर मोटरबॉइक्स कंपनियों ने अपने विभिन्न माडलों पर विशेष छूट देने की पेशकश की है। शहर के कई शोरूमों में तीन हजार से लेकर पांच हजार रुपये तक की छूट दी जा रही है। शोरूम संचालकों की मानें तो पहली जुलाई से जीएसटी लागू होने के बाद कुछ हद तक कारोबार प्रभावित हो सकता है। इसी के मद्देनजर कंपनियाें ने अलग-अलग मॉडल्स पर छूट की पेशकश की है।
जीएसटी को लेकर मोटरबॉइक्स शोरूम के संचालकों में बाइकों की बिक्री 30 जून से पहले अधिक से अधिक करने की होड़ मची है। कंपनी की तरफ से ग्राहकों को छूट तो दी जा रही है, कुछ शोरूम संचालक अपना टार्गेट पूरा करने के लिए अपने तरफ से भी ग्राहकों के लिए छूट की पेशकश के साथ गिफ्ट का भी ऑफर दे रहे हैं। शहर के बजाज शोरूम के संचालक अमित कुमार की मानें तो जीएसटी लागू होने से कारोबार पर असर जरूर पड़ेगा। बिजनेस प्लान भी कंपनियों का बदलता है।
इसी के मद्देनजर कई मोटरबाइक्स कंपनियों की तरफ से विभिन्न माडलों में अलग-अलग डिस्काउंट दी जा रही है। 30 जून से पहले बाइकें अधिक से अधिक बिक जाए, इसके बाद जीएसटी के तहत बनाए गए बिजनेस प्लान के अनुसार कारोबार होगा। उन्होंने बताया कि बजाज पहली ऐसी कंपनी है, जो पोस्ट जीएसटी कीमतों का लाभ अपने ग्राहकों को दे रही है। उन्होंने बताया कि हमारे ग्राहकों को छूट के लिए जुलाई तक इतंजार करने की जरूरत नहीं है, हम अभी से ही बंपर छूट ऑफर कर रहे हैं। बताया जाता है कि जीएसटी लागू हो जाने के बाद देशभर में अलग-अलग राज्यों में सभी मॉडल्स की कीमतें बदल जाएंगी। शोरूम संचालकों की माने तो बाइकों पर छूट ग्राहकों के लिए सोने पर सुहागा साबित हो रहा है। उनकी पसंदीदा बाइक कम कीमत पर उपलब्ध हो जा रही है।
बाइकों की हो रही एडवांस बुकिंग
बलिया। मोटरबाइक्स शोरूम के संचालकों की माने तो पहली जुलाई से भले ही जीएसटी लागू हो रहा है लेकिन कुछ ग्राहक कीमतों को लेकर उहापोह में हैं। कीमतों को लेकर जानकारी मांग रहे हैं। शादी-विवाह में सिलसिले में प्री बुकिंग कराने की इनक्वॉयरी कर रहे हैं।