बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बाढ़ की तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों को बाढ़ और कटान से निपटने के लिए समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में सामने आया कि बेल्थरारोड, सिकंदरपुर, बांसडीह, बलिया सदर और बैरिया तहसीलों के कुल 106 गांव बाढ़ प्रभावित रेड जोन में हैं। संबंधित बीडीओ को इन गांवों में बाढ़ राहत केंद्र बनाने के निर्देश दिए। बैरिया तहसील के ग्राम वशिष्ठ नगर, गोपालनगर टाड़ी और सिवान मठिया, तहसील बांसडीह के ग्राम भोजपुरवा, महाराजपुर और चांदपुर तथा तहसील सिकंदरपुर के ग्राम दियरा बंसीदास, बिजलीपुर दियारा महाराजपुरा, निपनिया एवं डूहा बिहरा सहित कुल आठ गांवों में कटान की स्थिति गंभीर बताई गई।
डीएम ने संबंधित एसडीएम और लेखपालों को निर्देश दिया कि जिन किसानों की भूमि कटान में चली गई है, उन्हें तत्काल मुआवजा दिया जाए। लेखपाल प्रतिदिन कटान की रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। मुआवजा भुगतान में किसी प्रकार की लापरवाही न की जाए। सिंचाई विभाग को तटबंधों की मरम्मत, जल निकासी के काम की दैनिक प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। वहीं, बैरिया के गोपालनगर टाड़ी में घाघरा नदी में गिरे तीन मकानों के प्रभावित परिवारों को तत्काल जमीन का पट्टा, आवास और मुआवजा उपलब्ध कराने के लिए कहा।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तीन समितियों का गठन किया जाएगा। बैठक में सीडीओ आलोक कुमार, डीडीओ आनंद प्रकाश, एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, समस्त एसडीएम, समस्त बीडीओ एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
भोजपुरवा में शुद्ध पेयजल, बच्चों को मिड-डे-मिल उपलब्ध कराने के निर्देश: बांसडीह के भोजपुरवा गांव में सरयू नदी में 25 वर्ष पुरानी पानी की टंकी बह गई थी। इससे इलाके में शुद्ध पेयजल का संकट हो गया है। जिलाधिकारी ने जल निगम को शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बीएसए को भोजपुरवा में नदी में समाए विद्यालय के नौ शिक्षकों की सूची उपलब्ध कराने तथा पंचायत भवन में संचालित कक्षाओं में मिड-डे मील उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा बाढ़ राहत तैयारियों के तहत सभी प्रभावित गांवों में राहत केंद्र स्थापित किए जाएं। प्रत्येक राहत केंद्र पर जनरेटर, भोजन बनाने के लिए हलवाई, हैंडपंप, नाव की व्यवस्था की जाए। संवाद