रेवती। नगर के थाना-बस स्टैंड मार्ग पर मवेशी अस्पताल के समीप मोबाइल की दुकान में बिजली की शार्ट सर्किट से आग लग गई। दस दुकानों लगी आग से 10 लाख रुपये के सामान जल गए।
नगर के थाना बस स्टैंड मार्ग पर संजय वर्मा की टिन शेड की कई दुकानें हैं। शनिवार की देर शाम करीब सात बजे गोलू साह की मोबाइल की दुकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। अभी लोग कुछ समझ पाते कि आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग ने देखते ही देखते राजेश केशरी की साइकिल की दुकान, नीरज सिंह की एल्युमिनियम की दुकान, राजू केशरी की बक्से की दुकान, धीरज एवं पवन ठाकुर की एक-एक की सैलून, दीपक ठाकुर की दो साइकिल की दुकानें और विजय शर्मा की लकड़ी की दुकान आग की चपेट आ गई।
वहीं, घबराए हुए समीप के दुकानदार विक्की केशरी, शंकर राज तथा मुन्ना साह की क्रमशः प्लाईवुड, बक्सा तथा लकड़ी की दुकानों को तोड़ते हुए हजारों के सामान को निकाल कर सड़क पर फेंक दिया, जिससे कुछ सामान बर्बाद हो गया। आग की तपिश इतनी जबरदस्त थी कि कोई समीप नहीं जा पा रहा था। बावजूद इसके नगर पंचायत के टैंकर, सबमर्सिबल तथा हैंड पाइप की सहायता लोगों ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने डेढ़ घंटे बाद अग्निशमन दस्ता पहुंचा। इस दौरान थानाध्यक्ष रोहन राकेश सिंह, एसआई प्रभाकर शुक्ला सहित थाने का पूरा स्टाफ मुस्तैद रहा।
-