बलिया। जिले में बुधवार को एक नया कोरोना पॉजिटिव केस सामने आया हैं। अब जिलें में कुल मरीजों की संख्या 99 हो गई है। जिले में अब तक 98 पॉजिटिव केस थे। इसमें से 61 स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं। इसकी पुष्टि करते हुए जिलाधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही ने बताया कि शहर के विजयीपुर नई बस्ती निवासी युवक की रिपोर्ट बुधवार को पॉजिटिव आई है। युवक की सोने की दुकान सोनार मंडी स्थित लक्ष्मी मार्केट में है। अब जिले में कुल एक्टिव केस 38 हैं।
बुधवार को कोरोना पॉजिटिव मिले व्यक्ति के साथ शहर व आसपास के एरिया में अब कुल 10 कोविड-19 के मरीज हो गए हैं। शहर से सटे तीखमपुर के परिखरा और दुबहड़ विकास खंड के ओझा के छपरा में कुल छह मरीज हैं जिनमें एक ही परिवार के चार मरीज भी शामिल हैं। इसके अलावा शहर के विजयीपुर, बनकटा व अमृतपाली में भी कोविड-19 के कुल चार मरीज अब तक सामने आ चुके हैं। इनमें से बनकटा व अमृतपाली को पहले ही हॉट स्पॉट घोषित किया जा चुका है। बुधवार को विजयीपुर को हॉट स्पॉट घोषित किया गया है और सील करने की कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि बुधवार को कोरोना पॉजिटिव मिला युवक पेशे से करीगर है, जो सोने के आभूषण बनाने का काम करता है। बताया जा रहा है कि वह कई दुकानों से आभूषण बनाने का आर्डर लेता था और बनाकर देता था। इस दौरान युवक ने सोने के कई दुकानदारों के यहां से आर्डर लिया और चाय के दुकानदार के साथ लूडो भी खेला है। युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही युवक के संपर्क में आए लोगों का सर्वे कर सैंपल लेने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं एहतियात के तौर पर लक्ष्मी मार्केट को बंद कराकर सैनिटाइज कराया जाएगा। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद युवक को एल-1 अस्पताल बसंतपुर में भर्ती कराया गया है। आज मिले मरीज को देखते हुए जिले में हॉट स्पॉट की संख्या बढ़कर 60 हो जाएगी। हॉट स्पॉट क्षेत्रों के लिए मजिस्ट्रेट की तैनाती करते हुए उन इलॉकों को सील करने आदि का निर्देश दिया गया है।