बहराइच। कैसरगंज निवासी युवक लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में जांच के दौरान कोरोना पॉजिटिव मिला है। लखनऊ में युवक को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना जांच शिविर लगाया गया।
कैसरगंज निवासी युवक इलाज के लिए लखनऊ में स्थित राम मनोहर लोहिया अस्पताल गया था। यहां पर जांच के दौरान युवक कोरोना पॉजिटिव निकला। इसकी रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय को भेजी गई। सीएमओ डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि संक्रमित का इलाज लखनऊ में चल रहा है। उधर स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना जांच की गई। जरवल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के एआरओ आरपी कनौजिया ने बताया कि 60 एंटीजन और 60 आरटीपीसीआर जांच की गई।
पयागपुर के बीपीएम अनुपम शुक्ला ने बताया कि 51 एंटीजन और 51 आरटीपीसीआर जांच हुई। नानपारा सीएचसी के अधीक्षक डॉ. चंद्रभान ने बताया कि 32 एंटीजन और 32 आरटीपीसीआर जांच की गई। बलहा के बीसीपीएम अजय यादव ने बताया कि 39 एंटीजन और 33 आरटीपीसीआर जांच की गई है। मोतीपुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनुराग वर्मा ने बताया कि 59 एंटीजन और 57 आरटीपीसीआर जांच हुई है। सीएमओ ने बताया कि आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल लखनऊ भेजा गया है।