बहराइच में शुक्रवार को भारत बंद की घोषणा के बावूजद खुली बाजार।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। जिले में शुक्रवार को भारत बंद का मिलाजुला असर देखने को मिला। ट्रांसर्पोटरों की हड़ताल से ट्रकों के चक्के थमे रहे, लेकिन बाजार पूरी तरह गुलजार रहे। सुबह से बाजारों में पहले की तरह रौनक छाई रही। लोग बेहिचक दुकान खोलकर अपने काम पर डटे रहे। ट्रक चालक अपनी मांगों को लेकर ट्रक के चक्के जाम रखे, लेकिन कहीं कोई धरना-प्रदर्शन नहीं हुआ।
बढ़ती महंगाई समेत अन्य मांगों को लेकर शुक्रवार को भारत बंद करने का आह्वान किया गया था, लेकिन इसका कोई खास असर नहीं दिखा। शहर का घंटाघर बाजार हो या फिर पीपल चौराहा। छोटी बाजार हो या छावनी बाजार। हर जगह रौनक छाई रही। कहीं भी किसी प्रकार की कोई बंदी नहीं रही। लोग सुबह से ही दुकान खोल कर कामकाज निपटाते रहे और ग्राहक खरीदारी में मशगूल दिखे।
वहीं बढ़ती महंगाई के विरोध में ट्रक का चक्का जाम रहा। ट्रक ऑपरेटर एसोसिएशन के जिला उपाध्यक्ष रनवीर सिंह ने बताया कि जिले में भारत बंद का समर्थन किया गया है। सांकेतिक प्रदर्शन कर बढ़ती महंगाई का विरोध किया गया है। उन्होंने कहा कि डीजल के दामों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। पहले से ही सरकार को रोड टैक्स दिया जा रहा है। अब फास्टैग भी लगवाने का निर्देश आ गया है। इससे वाहनों से माल आपूर्ति में महंगाई का असर साफ दिखेगा। इस मौके पर अतुल गुप्ता, इशरार अहमद, हलहम अहमद, कुलदीप सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।