मोतीपुर (बहराइच)। नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। एक की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोतीपुर थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत सर्रामुंदरी के कौवाभारी गांव निवासी रज्जब अली (35) पुत्र सत्तार के यहां शुक्रवार को ग्यारहवीं मनाने की तैयारी चल रही थी। इसके लिए सामान की खरीददारी करने रज्जब अली अपने सहयोगी सोहन (32) के साथ बाइक से रायबोझा बाजार गया। शाम पांच बजे के आसपास बाइक से दोनों वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में रज्जब अली की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सोहन और दूसरा बाइक सवार घायल हो गया। आसपास के लोगों ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। यहां पर सोहन की हालत गंभीर देख उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष जेएन शुक्ला ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है।