बहराइच। निंबुआरी निवासी युवक बुधवार सुबह दिहाड़ी मजदूरी के लिए घर से निकला था, लेकिन बृहस्पतिवार को वह एआरटीओ कार्यालय के पास अचेत अवस्था में मिला। इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में देर रात उसकी मौत हो गई।
रामगांव थाना क्षेत्र के निंबुआरी निवासी बबलू (32) दिहाड़ी मजदूरी करते थे। वह प्रतिदिन की तरह बुधवार सुबह घर से काम पर निकले थे, लेकिन देर रात तक नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका।
बृहस्पतिवार सुबह नगर स्थित एआरटीओ कार्यालय के पास उनके अचेत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। बबलू के भाई जयंकर घर के लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और बबलू को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया, लेकिन रात में लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही बबलू की मौत हो गई। परिजन शव को वापस लेकर आए, बाद में पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।