बहराइच। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची को दुरुस्त करने का कार्य जिले में अंतिम चरण में पहुंच गया है। जारी आंकड़ों के अनुसार नोटिस वितरण और सुनवाई की प्रक्रिया लगभग शत-प्रतिशत पूरी कर ली गई है, जबकि बड़ी संख्या में मामलों का सत्यापन कर उनका निपटारा भी किया जा चुका है।
जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में कुल 21,07,016 मतदाताओं के सापेक्ष 5,41,200 नोटिस तैयार किए गए थे, जिनमें से 5,41,200 नोटिस वितरित कर दिए गए। शुक्रवार को सुनवाई का अंतिम दिन रहा। सुनवाई की प्रक्रिया भी पूरी तरह संपन्न हो चुकी है।
आंकड़ों के अनुसार कुल 1,54,016 मामलों का सत्यापन किया गया, जबकि 14,887 मामले ऐसे पाए गए, जिन्हें अंतिम रूप से अपात्र (इनएलिजिबल) घोषित किया गया। इसके अलावा 2,750 मामले अभी लंबित हैं, हालांकि ज्यादातर का समाधान अंतिम चरण में है।
विधानसभा क्षेत्रवार स्थिति पर नजर डालें तो बहराइच सदर में सबसे अधिक 92,922 नोटिस वितरित किए गए, जबकि पयागपुर और कैसरगंज में भी 80 हजार से अधिक नोटिस जारी कर जांच की गई। सभी क्षेत्रों में वितरित नोटिस की शत-प्रतिशत सुनवाई हुई।
एडीएम अमित कुमार ने बताया कि बड़ी संख्या में ऐसे मामलों की पहचान की गई, जहां एक ही व्यक्ति का नाम दो स्थानों पर दर्ज था या मृतक मतदाताओं के नाम सूची में बने हुए थे। ऐसे नामों को हटाने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और संबंधित डाटा पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है।
ईआरओ/एईआरओ स्तर पर भी 93.79 प्रतिशत मामलों को अंतिम प्रकाशन के लिए स्वीकृत (पार्क) कर दिया गया है, जबकि शेष मामलों का तेजी से निपटाया जा रहा है।
प्रशासन के अनुसार दावे और आपत्तियों का निपटारा लगभग पूरा हो चुका है और 15 अप्रैल को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी जाएगी।