बाइक को टक्कर मारने के बाद रेलिंग पर पलटा ट्रक।
बहराइच। सीतापुर मार्ग स्थित चहलारी घाट पुल पर ट्रक की टक्कर लगने से युवक की मौत गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रक भी पुल की रेलिंग पर पलट गया। घायल युवक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
थाना हरदी अंतर्गत टेंड़वा सिस्टीपुर निवासी कुंदन कुमार (19) अपने दोस्त विष्णु (18) निवासी गोड़ियनपुरवा के साथ रविवार देर शाम बाइक से चहलारीघाट पुल पर सरयू नदी का बहाव देखने गया था। दोनों युवक पुल पर बाइक खड़ी कर उसी पर बैठे हुए नदी को देख रहे थे। इस बीच सीतापुर की ओर से गिट्टी लादकर बहराइच की ओर आ रहा तेज रफ्तार ट्रक बाइक से टकरा गया। इससे दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गए और कुंदन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, विष्णु गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रक भी असंतुलित होकर पलट कर रेलिंग पर रुक गया। हालांकि ट्रक चालक को कोई चोट नहीं आई। मौके पर पहुंचे हरदी थाने के पुलिसकर्मियों ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।