बहराइच। गोंडा-बहराइच मार्ग पर खुटेहना के निकट सड़क पार कर रहे सेल्समैन को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज भेजा गया मगर रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली नगर के मोहल्ला पीपल तिराहा निवासी अंकित जायसवाल (27) एयरटेल में सेल्समैन पद पर तैनात था। बुधवार सुबह वह बाइक से पयागपुर गया था। काम निपटाने के बाद दोपहर में वह बाइक से घर लौट रहा था। अंकित खुटेहना के पास पहुंचा। तभी बाइक खराब हो गई। इस पर अंकित ने बाइक दुकान पर बनवाने के लिए दे दी।
इसके बाद वह पैदल गोंडा-बहराइच मार्ग पार करने लगा। तभी अज्ञात वाहन ने अंकित को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। यूपी-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने अंकित को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा। मगर रास्ते में ही अंकित की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, दुर्घटना के बाद से चालक वाहन समेत भाग गया। अंकित की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।