बहराइच। जिले में बुधवार को बैंकों और एलआईसी की हड़ताल रही। हड़ताल के कारण बैंकों में कामकाज पूरी तरह से ठप रहा। बैंकों में चेकों की क्लीयरिंग भी बंद रही। इससे जिले में करीब 70 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ है। वहीं, भारतीय जीवन बीमा निगम की बहराइच और नानपारा शाखा के कर्मचारियों ने हड़ताल पर रहकर प्रदर्शन किया। इससे यहां भी करीब 30 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ।
यूनाईटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर बुधवार को एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आयोजन किया गया। इलाहाबाद बैंक के जेल रोड स्थित मंडलीय कार्यालय पर यूपी बैंक इंपलाइज यूनियन के अध्यक्ष दिनेश कुमार व जिलामंत्री अफरोज आलम लारी की अगुवाई में कर्मचारी एकत्र हुए। यहां सभी ने सरकार की श्रम विरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान यूनियन अध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि सरकार श्रम विरोधी नीतियों को अपनाकर कर्मचारियों का शोषण कर रही है। कर्मचारियों की जायज मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। जिसके कारण कर्मचारियों में आक्रोश है। जिलामंत्री अफरोज आलम लारी ने कहा कि कर्मचारियों के वेतन पुनरीक्षण के मुद्दे अभी तक लंबित हैं।
बड़े-बड़े कारपोरेट घरानों के द्वारा बैंकों से हजारों करोड़ रुपये कर्ज ले लिया गया। मगर कर्ज वसूली के कड़े नियम नहीं बनाये जा रहे हैं। सरकार बैंकों का विलय और निजीकरण करने में जुटी है। शाखाओं को भी बंद किया जा रहा है। आउटसोर्सिंग के माध्यम से कर्मचारियों के हितों के साथ ही युवाओं के भविष्य को भी संकट में डाला जा रहा है।
कर्मचारियों के प्रदर्शन के कारण इलाहाबाद बैंक, केनरा बैंक, यूनियन बैंक, पीएनबी, सिंडिकेट बैंक, ओवरसीज बैंक, विजया बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ महाराष्ट्रा और इंडियन बैंक में कामकाज पूरी तरह से ठप रहा।
बैंकों में हड़ताल के चलते 70 करोड़ से अधिक का कारोबार प्रभावित हुआ है। प्रदर्शन के दौरान शैलेंद्र मिश्र, अशोक सिंह, किशोर कुमार, शोभाराम, आशीष दीक्षित, दिलीप, सुनील, विजय, रामजीत आर्या आदि मौजूद रहे।
उधर, यूपी बैंक इंपलाइज यूनियन बहराइच यूनिट के अध्यक्ष डीडीएन अवस्थी और जिलामंत्री लालजी जायसवाल की अगुवाई में डिगिहा शाखा पर कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान अंकित अग्रवाल, तुषार अग्रवाल, पंकज गौड़, गिरीश सिंह, प्रशांत घोष, आदित्य ओझा आदि मौजूद रहे।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर बुधवार को अधिकतर बैंकों में हड़ताल रही। मगर एसबीआई, आर्यावर्त बैंक के साथ ही एचडीएफसी, आईसीआईसीआई और एक्सिस बैंक में आम दिनों की तरह सामान्य रूप से कामकाज होता रहा।
अग्रणी बैंक के जिला प्रबंधक बलराम साहू ने बताया कि बैंक कर्मचारियों की बुधवार को हड़ताल से कामकाज प्रभावित हुआ है। हालांकि अधिकारी संवर्ग हड़ताल में शामिल नहीं था। मगर लेनदेन प्रभावित होने के कारण 70 करोड़ का व्यवसाय नहीं हो सका।
अखिल भारतीय जीवन बीमा निगम कर्मचारी संघ के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर बुधवार कोे बीमा कर्मचारी भी हड़ताल पर रहे। बीमा कर्मचारियों ने एलआईसी को शेयर मार्केट में लाने की नीति पर रोक लगाने की मांग की।
कर्मचारियों ने बीमा क्षेत्र में एफडीआई नहीं लाने, एनपीएस को समाप्त कर पुरानी पेंशन लागू करने, अस्थायी कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन देने और वेतन पुर्ननिर्धारण को तञत्काल लागू करने की भी मांग की।
कर्मचारियों ने बीमा किश्त पर जीएसटी वापस लेने और महिला सुरक्षा को सख्ती से लागू करने समेत अन्य मुद्दों को लेकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। बहराइच के गांधी स्कूल स्थित एलआईसी कार्यालय और नानपारा कार्यालय में कामकाज पूरी तरह ठप रहा।
कामकाज ठप रहने से करीब 30 करोड़ रूपये का कारोबार प्रभावित हुआ। प्रदर्शन के दौरान रत्नेश सिंह, शिवसागर ओझा, रमेश तिवारी, केएस शुक्ल, अमरनाथ गुप्ता, योगेंद्र शर्मा, हरीनाथ निराला सहित आदि लोग मौजूद रहे।