मिहींपुरवा। भारत-नेपाल सीमा पर मंगलवार शाम एसएसबी और मोतीपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 41 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया। बरामदगी के बाद आरोपी को थाने लाकर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
सीमा स्तंभ संख्या 667 के पास एसएसबी की 59वीं वाहिनी लौकाही चौकी के प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंदर, मोतीपुर थानाध्यक्ष आनंद कुमार चौरसिया, उपनिरीक्षक कमलेंद्र प्रताप सिंह और हेड कांस्टेबल गट्टू पांडेय संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चला रहे थे।
इसी दौरान मोतीपुर निवासी इजाद को रोककर तलाशी ली गई तो उसके पास से 41 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग चार लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक को नेपाल ले जाकर खपाने की फिराक में था। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।