बहराइच/खैरीघाट। रायपुर बाजार में एक युवक को कुछ लोगों ने रात में पीटकर मार डाला। युवक का कुसूर सिर्फ इतना था कि उसने कुछ लोगों को नशे की हालत में चारपाई पर बैठने से मना किया था। इसके बाद अपशब्दों का प्रयोग करने और पीटने की शिकायत थाने में कर दी थी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में एक नामजद और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
थाना क्षेत्र खैरीघाट अंतर्गत मकरंदपुर गांव निवासी जगतराम (38) पुत्र बैजू विश्वकर्मा रायपुर चौराहे पर लोहारगिरी का काम करता था। वह दुकान पर ही सोता भी था। रविवार को काम निपटाने के बाद जगतराम ने दुकान के बाहर चारपाई बिछा ली।
वह आराम कर रहा था कि तभी रायपुर गांव निवासी सत्यप्रकाश अपने तीन अन्य साथियों के साथ नशे की हालत मेें जगतराम की दुकान के सामने पहुंचकर चारपाई पर बैठ गए। जगतराम ने सभी को चारपाई पर बैठने से रोका तो सत्यप्रकाश और उनके साथियों ने अपशब्दों का प्रयोग कर उसे पीट दिया।
इस पर जगतराम ने रात में ही थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना से अवगत कराया। थाने पर शिकायत कर जैसे ही जगतराम अपनी दुकान पर पहुंचा कि तभी सत्यप्रकाश और उसके साथ लाठी-डंडों से लैस होकर आ धमके। विपक्षियों ने मौके पर ही पीटकर जगतराम की हत्या कर दी।
चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े लेकिन तब तक जगतराम की मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे। तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक अरुण द्विवेदी ने बताया कि मामूली विवाद में जगतराम की पीटकर हत्या की गई है। मृतक के परिवारीजनों की तहरीर पर सत्यप्रकाश को नामजद करते हुए तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं, उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।