रात में ससुराल जाने के लिए घर से निकले युवक को नानपारा-बहराइच मार्ग पर भगवानपुर के पास अज्ञात वाहन ने रौंद दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। रात भर लाश सड़क पर ही पड़ी रही और वाहन उसे रौंदते रहे। बुधवार को सुबह लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षत-विक्षत शव को कब्जे में लिया। उधर, अन्य हादसों में दो लोग घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
रामगांव थाना क्षेत्र के गुलहरिया गांव निवासी पतीराम (40) पुत्र दशरथ की ससुराल रिसिया थाना क्षेत्र के मलुआ भकुरहा गांव में है। पारिवारिक कार्य से पतीराम मंगलवार देर रात साइकिल से ससुराल जाने के लिए घर से निकला। इसी दौरान जब वह नानपारा-बहराइच मार्ग पर रामगांव थाना अंतर्गत भगवानपुर गांव के पास पहुंचा, तभी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
पतीराम साइकिल समेत सड़क पर गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आसपास आबादी नहीं है, जिससे किसी को जानकारी नहीं हुई। सड़क पर मृत पड़े पतीराम के शव को रात भर वाहन रौंदते रहे।
बुधवार को सुबह आसपास के लोग घरों से निकले, तब उन्हें दुर्घटना की जानकारी हुई। सूचना के बाद रामगांव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। आसपास के लोगों को एकत्रित किया गया, तो शव की शिनाख्त पतीराम के रूप में हुई।
सूचना पाकर परिवारीजन मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्होेंने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। इस पर पुलिस ने पंचनामा कर शव परिवारीजनों को सौंप दिया। वहीं, पतीराम की दुर्घटना में हुई मौत के बाद उसकी साइकिल भी दुर्घटनास्थल से चोरी हो गई।
सुबह पहुंचे परिवारीजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन साइकिल नहीं मिली।उधर, गोंडा-बहराइच मार्ग पर कोतवाली देहात अंतर्गत बेरिया नहर के निकट बाइकों की हुई आमने-सामने की टक्कर में चिलवरिया निवासी रामआधार (42) और पयागपुर निवासी विशेश्वर (38) घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां विशेश्वर की हालत नाजुक बताई जा रही है।