बहराइच। अलग-अलग स्थानों पर युवक व बालिका की डूबकर मौत हो गई। जम्मू में नौकरी कर रहा युवक सोमवार को ही छुट्टी लेकर घर लौटा था। मंगलवार को सुबह सरयू तट पर स्नान करते समय पैर फिसलने से वह डूब गया। वहीं, नानपारा क्षेत्र में खेलते समय एक बालिका की तालाब में डूबकर मौत हो गई।
हुजूरपुर थाना क्षेत्र के काल्हापारा गांव निवासी ननकू (22) पुत्र हौंसिला प्रसाद जम्मू में रहकर निजी कंपनी में नौकरी करता था। धान की खेती के लिए वह सोमवार को छुट्टी लेकर घर लौटा था। सुबह ननकू अपने साढ़ू के साथ सरयू नदी के गुलहरिया घाट पर पहुंचकर स्नान करने लगा। वहां पर पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया।
जब तक साढ़ू की चीख पुकार सुनकर लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे, तब तक ननकू डूब गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उधर, कोतवाली नानपारा अंतर्गत मोहम्मदपुर गांव निवासी खुशबू (8) पुत्री रामशंकर गांव के दक्षिण स्थित तालाब के किनारे दोपहर में खेल रही थी। तभी पैर फिसलने से डूबकर उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंचे परिवारीजनों ने किसी तरह बालिका के शव को बाहर निकलवाया। शव को देखकर परिवारीजन बिलख पड़े। पंचनामा के बाद शव को दफना दिया गया है।