बलरामपुर नहर शाखा में मंगलवार दोपहर स्नान कर रहा एक युवक तेज बहाव में बह गया। उसके तीन साथियों को ग्रामीणों ने किसी तरह बचाया। मामले की सूचना पाने के बावजूद गिलौला पुलिस सीमा विवाद में घंटे भर उलझी रही। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से युवक की तलाश शुरू की है। खबर लिखे जाने तक उसका पता नहीं चल सका था।
पयागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमदापुर शिवदहा निवासी इकबाल (22) पुत्र जहूर अपने मित्र मुस्ताक (15), सोहबत अली (20) और रवि (19) के साथ मंगलवार दोपहर एक बजे के करीब गांव से छह किलोमीटर दूर लकाही गांव के पास बलरामपुर नहर शाखा में स्नान करने गया था।
नहर में स्नान करते समय इकबाल का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। इकबाल को बचाने के लिए मुस्ताक और सोहबत ने हाथ बढ़ाया तो वह भी डूबने लगे। इस पर रवि शोर मचाते हुए साथियों की तरफ लपका। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े लेकिन तब तक चारों युवक गहरे पानी में चले गए थे।
ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर मुस्ताक, सोहबत और रवि को किसी तरह बचा लिया लेकिन इकबाल तेज बहाव में बह गया। तत्काल इसकी सूचना इकबाल के परिवारीजनों और गिलौला थाने को दी गई लेकिन गिलौला पुलिस ने घटनास्थल पयागपुर क्षेत्र में होने की बात कहकर किनारा कस लिया।
इस पर ग्रामीणों ने पयागपुर पुलिस को सूचित किया तो पयागपुर पुलिस ने गिलौला थाना क्षेत्र की घटना बताई। इस विवाद में ही एक घंटे बीत गए। इसके बाद अंतत: गिलौला पुलिस मौके पर पहुंची। गांव के गोताखोरों को इकट्ठा कर नहर में तलाश शुरू की गई लेकिन इकबाल का पता नहीं चल सका है।