केडीसी मैदान पर क्रिकेट मैच खेलते खिलाड़ी। - स्रोत : आयोजक
बहराइच। किसान डिग्री कॉलेज के मैदान पर बृहस्पतिवार को केडीसी क्रिकेट अकादमी की ओर से चल रही अंडर-14 चैंपियंस लीग के सातवें दिन आखिरी लीग मुकाबला केडीसी ऑरेंज और केडीसी यलो के बीच खेला गया। यलो ने चार विकेट से जीत दर्ज कर ली। ऑरेंज के अभय कुमार के नाबाद शतक पर यलो के कप्तान उजैर अली की अर्धशतकीय पारी भारी पड़ी।
टॉस जीतकर यलो के कप्तान उजैर अली ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी ऑरेंज की टीम ने निर्धारित 35 ओवर में छह विकेट खोकर 204 रन बनाए। अभय कुमार ने 105 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि लक्ष्य कनौजिया ने 46 रन का योगदान दिया। यलो की ओर से वेदांश पांडेय और शिवांश राय ने दो-दो विकेट लिए।
जवाब में यलो की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 25 ओवर में छह विकेट खोकर 206 रन बना लिए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। कप्तान उजैर अली ने 57 और आदर्श यादव ने 34 रन बनाए। ऑरेंज की ओर से संदीप राजपूत ने तीन विकेट लिए, जबकि मोहम्मद अरमान और अभय कुमार को एक-एक विकेट मिला।
शानदार प्रदर्शन के लिए उजैर अली को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मुकाबले में आशुतोष कैराती और प्रदीप गुप्ता ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि समीर शुक्ला स्कोरर रहे।