स्टेट कुश्ती प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करते अतिथि।
बहराइच। इटावा में आयोजित जूनियर स्टेट कुश्ती प्रतियोगिता में लवकुश कुश्ती एकेडमी बहराइच के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार पदक जीते। खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया। 70 किलोग्राम भार वर्ग में कृत शुक्ला और 74 किलोग्राम में सुधांशु यादव ने स्वर्ण पदक जीता।
वहीं, 92 किलोग्राम भार वर्ग में दीपक कुमार ने रजत और 57 किलोग्राम में शुभम कुमार यादव ने कांस्य पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता के बाद उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के महासचिव सुरेश चंद्र उपाध्याय और एकेडमी के सहायक प्रशिक्षक अभय कुमार सिंह (बलवंत) ने पदक विजेताओं का उत्साह बढ़ाया।
सांसद प्रतिनिधि एवं एकेडमी संरक्षक सुनील सिंह और जिला क्रीड़ाधिकारी आनंद श्रीवास्तव ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।