बहराइच के सिद्धनाथ मंदिर में सावन माह के दूसरे सोमवार के लिए मंदिर में सफाई करते श्रद्धालु।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। सावन का दूसरा सोमवार आज है। शिवालयों में जलाभिषेक के लिए सोमवार को कांवरिये जत्थों में पहुंचेंगे। शिव मंदिरों में जलाभिषेक व पूजा-अर्चना के लिए उमड़ने वाली भक्तों की भीड़ को देखते हुए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन ने मंदिर व घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था की है।
सावन माह के दूसरे सोमवार के मौके पर भोर से ही शहर और ग्रामीण अंचलों के शिव मंदिरों पर भगवान शिव की आराधना शुरू हो जाएगी। शहर के सिद्धनाथ मंदिर में मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक का आयोजन होगा। सावन का महीना भगवान शिव का माना जाता है।
माह का दूसरा सोमवार होने के चलते भोर से ही शिवभक्त शहर और ग्रामीण अंचलों में स्थित शिवालयों में जलाभिषेक व पूजा अर्चना के लिए पहुंचने लगेंगे। शहर के सिद्धनाथ मंदिर, मरी माता मंदिर, संहारिणी माता मंदिर में सुबह चार बजे से ही जलाभिषेक व पूजा-अर्चना शुरू हो जाएगी।
मटेरा में स्थित पांडव कालीन शिव मंदिर जंगलीनाथ, नवाबगंज में मंगलीनाथ व पयागपुर में स्थित बगेश्वरनाथ मंदिर में शिवभक्त जत्थों में पहुंचकर जलाभिषेक करेंगे। इस दौरान सभी शिव मंदिरों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। पुलिस और पीएसी के जवान मुस्तैद रहेंगे।