बहराइच। गणेश पूजा पंडालों में भगवान गजानन की आराधना के लिए देर रात तक भक्त उमड़ रहे हैं। महोत्सव के तहत पूजा पंडालों में शनिवार की रात भजन संध्या का आयोजन हुआ। पूरी रात भजनों पर भक्त झूमते रहे। भजन के बाद प्रसाद का भी वितरण किया गया। वहीं मंगलवार को भव्य शृंगार औैर महाआरती का आयोजन भी होगा।
गणेश पूजा महोत्सव की शुरुआत सोमवार से जनपद में हुई है। जनपद के अलग-अलग हिस्सों में भगवान गजानन की प्रतिमाओं की स्थापना कर पूजा-अर्चना की जा रही है। शनिवार की रात शहर के मोहल्ला गुदड़ी स्थित ज्वाला देवी मंदिर परिसर में गणपति पूजा पांडाल में भजन संध्या का आयोजन हुआ।
पंकज निगम एंड ग्रुप और हरिद्वारा के शिवम झांकी मंडल की ओर से आकर्षक ढंग से गणपति का दरबार सजाया गया था। इसके बाद भजन संध्या हुई। इसमें गायक पंकज निगम, तुषा बंकू, मिताली, सोनाली राज ने हारे-हारे हारे, तुम हारे के सहारे... और जो वादा किया, वो निभा दिया मोदी जी ने... जैसे गीत प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया।
इस दौरान अध्यक्ष अशोक गुप्ता, सीताराम यज्ञसैनी, जतिन यज्ञसैनी, मीडिया प्रभारी पीके शुक्ला, राजेंद्र यज्ञसैनी आदि मौजूद रहे। यहां 10 सितंबर को भव्य शृंगार और महाआरती तथा 11 सितंबर को भंडारे का भी आयोजन होगा। इसी तरह वशीरगंजज स्थित बहराइच के राजा के पांडाल में देवी जागरण का आयोजन हुआ।
गायक धर्मेंद्र पंडित, उजाला परवीन, जसवीर सिंह आदि ने गीतों से श्रोताओं को भाव विभोर कर दिया। इस दौरान कमेटी के अध्यक्ष हिमांशु गुप्ता, विजयशंकर गुप्ता, विनोद श्रीवास्तव, शुभम सोनी, अर्जुन गुप्ता आदि मौजूद रहे। यहां 10 सितंबर को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मोहल्ला ब्राह्मणीपुरा में स्थित पूजा पांडाल में भगवान गणेश की भव्य आरती का आयोजन हुआ।
सखैयापुरा में अनिल प्रिंटर्स के निकट स्थापित पूजा पांडाल में भगवान अमरनाथ की भव्य गुफा भी सजायी गयी। रिसिया नगर के इंदिरा नगर स्थित हनुमान मंदिर, शास्त्री नगर के संतोषी माता मंदिर और सिसई सलोन के चरसिया बाबा मंदिर में भी गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की गई है।