देवी पाटन मंडल वुमेंस सीनियर स्टेट क्रिकेट टूर्नामेंट बैटिंग करती खिलाड़ी।
- फोटो : देवी पाटन मंडल वुमेंस सीनियर स्टेट क्रिकेट टूर्नामेंट बैटिंग करती खिलाड़ी।
बहराइच। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में जिले में आयोजित प्रथम देवी पाटन मंडल महिला सीनियर स्टेट क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ मंगलवार को इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम के मैदान में हुआ। उद्घाटन मुकाबला बहराइच और जालौन की महिला टीमों के बीच खेला गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैसरगंज सांसद प्रतिनिधि सुनील सिंह रहे, जिन्होंने फीता काटकर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
टॉस जीतकर बहराइच की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, लेकिन टीम निर्धारित ओवरों में टिक नहीं सकी और 24.1 ओवर में सभी 10 विकेट खोकर मात्र 92 रन ही बना सकी। बहराइच की ओर से गौरी ने सर्वाधिक 26 रन बनाए। जालौन की गेंदबाज आद्या सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट झटके और बहराइच की बल्लेबाजी को दबाव में रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जालौन की टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए मात्र 13.3 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए मैच 10 विकेट से अपने नाम कर लिया। जालौन की ओर से राधिका ने नाबाद 54 रन और अंशी ने 36 रन की शानदार पारी खेली। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अंशी को ‘वूमेन ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
मैच में निर्णायक की भूमिका मान्या मिश्रा और शताक्षी अवस्थी ने निभाई। इस अवसर पर टूर्नामेंट निदेशक इशरत मोहम्मद खान, राशिद अली खान चांद, अभिषेक शुक्ला, अमित ठाकुर, हरेंद्र, यश चौरसिया सहित बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी और खेल समर्थक उपस्थित रहे। टूर्नामेंट के आयोजन से क्षेत्र में महिला क्रिकेट को नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।