बहराइच के पुलिस लाइन सभागार में रविवार को पत्रकारों से वार्ता करते एसपी विपिन कुमार मिश्रा।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। सभी बेटियां सुरक्षित रहें, सड़क पर चलते समय अपने आप को पूरी तरह सुरक्षित महसूस करें। घर से निकलते समय मन में कोई डर न हो। अपराध पर पूरी तरह रोक लगाई जाएगी। अपराधियों के मन में पुलिस का भय रहेगा, जिससे वह कोई भी घटना को अंजाम न दे सकें। महिलाओें की सुरक्षा और अपराध को रोकना मेरी पहली प्राथमिकता रहेगी। यह बातें नवागंतुक पुलिस अधीक्षक विपिन मिश्रा ने प्रेसवार्ता के दौरान कहीं।
2008 बैच के आईपीएस विपिन मिश्रा ने शनिवार देर रात जिले में एसपी का पदभार ग्रहण किया। वह रविवार को दोपहर पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता में पत्रकारों से मुखातिब हुए। पुलिस अधीक्षक विपिन मिश्रा ने कहा कि हमारे समाज की बेटी व महिलाएं बिल्कुल सुरक्षित रहें।
घरवालों को इतना विश्वास जरूर रहे कि बेटी घर सुरक्षित जरूर वापस आएगी। ऐसी हमारी पुलिसिंग व्यवस्था रहेगी। अपराध पर पूरी तरह नियंत्रण किया जाएगा। सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि चोरी की घटनाएं बिल्कुल नहीं होनी चाहिए। रात में पुलिस गश्त पर रहेगी। सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई की जाए, जिससे पीड़ित को जल्द से जल्द न्याय मिल सके।
निराश नहीं लौटेंगे फरियादी
एसपी विपिन मिश्रा ने कहा कि थाने पर जब कोई भी फरियादी आता है तो उसके मन में न्याय पाने की उम्मीद होती है। ऐसे बहुत मामले होते हैं, जिनमें जांच के बाद ही कार्रवाई किया जाना संभव हो पाएगा, लेकिन थानाध्यक्ष अगर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर न्याय दिलाने का भरोसा देंगे तो फरियादी निराश नहीं लौटेंगे। ऐसे निर्देश सभी थानाध्यक्षों को दिए गए हैं।
यहां रह चुके हैं तैनात
एसपी बहराइच जिले से पहले हरदोई, अंबेडकरनगर, मिर्जापुर व जौनपुर में एसपी रह चुके है। वाराणसी में 34 वाहिनी पीएसी के बाद बहराइच जिले की कमान शासन की ओर से सौंपा गई है। एसपी ने कहा कि आरजीआरएस पर शिकायतों के निस्तारण को भी ध्यान में रखा जाएगा।