बहराइच। दरगाह प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष शमशाद अहमद समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद भी कार्रवाई न होने पर महिलाएं भड़क उठीं।
सभासद की अगुवाई में महिलाओं ने कलेक्ट्रेट में धरना दिया। इसके बाद डीएम कार्यालय का घेराव कर ऊर्जा राज्यमंत्री व जिलाधिकारी के खिलाफ नारेबाजी की।
मौके पर पहुंचे सीआरओ ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन प्रदर्शन खत्म नहीं हुआ। डीएम से मिलने बाद ही लोग वापस लौटे।
दरगाह शरीफ कार्यालय के सामने 14 मार्च को महिलाओं ने प्रदर्शन किया था। तब विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई थी, जिसके बाद महिलाओं ने दरगाह प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष शमशाद अहमद, अरमान, वसीम मेकरानी, मकसूद रायनी, मास्टर मिज्जन आदि के खिलाफ छेड़छाड़ व लूटपाट का मुकदमा दर्ज कराया था लेकिन मुकदमे में नामजद अभियुक्त अभी तक खुलेआम घूम रहे थे।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पुलिस ने उनके घर वालों परिजनों को फंसाने के लिए फर्जी मुकदमे लगा दिए। इसी आक्रोश के कारण गुरुवार को सभासद चांद बाबू की अगुवाई में महिलाओं ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया।
कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन के बाद डीएम कार्यालय का घेराव करते हुए सभी ने ऊर्जा राज्यमंत्री यासर शाह व डीएम के खिलाफ नारेबाजी की।
मौके पर सीआरओ यूएस उपाध्याय व एसडीएम सदर बच्चेलाल ने पहुंचकर भीड़ को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं मानीं।
डीएम कार्यालय में जिलाधिकारी अभय से मुलाकात के बाद सभी को कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने पर सभी लौटीं। इस दौरान तमाम महिलाओं के साथ आफताब आलम, गुलाम मोहम्मद, नसीम, मुजीबउल्ला, बशीर अहमद, मकसूद अली आदि मौजूद रहे।