धरसवां। बहादुरचक निवासी रहमुन्निशां (25) की लखनऊ में इलाज के दौरान रविवार को मौत हो गई। वह शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गई थीं। उनकी मां की तहरीर पर पुलिस ने पति शरीफ अली, सास शरीफुन और ससुर इशहाक अली के विरुद्ध दहेज प्रताड़ना व हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
रिसिया के परसा कोदी खां गांव निवासी आशमां ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी रहमुन्निशां का विवाह छह वर्ष पूर्व बहादुरचक निवासी शरीफ अली से किया था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति समेत अन्य ससुरालीजन दहेज के लिए उनकी बेटी को प्रताड़ित करते थे।
आशमां के मुताबिक, शनिवार को रहमुन्निशां के पति ने खाना बनाते समय उसके झुलसने की सूचना दी थी। रविवार को जब वह बेटी की ससुराल पहुंचीं तो पता चला कि ससुरालीजन उसे इलाज के लिए लखनऊ ले गए हैं। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आशमां ने आरोप लगाया कि ससुरालीजनों ने दहेज प्रताड़ना के बाद बेटी को जलाकर मार डाला और घटना छिपाने के लिए उसे लखनऊ ले गए। उन्होंने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी दद्दन सिंह ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर पर तीन आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एएसपी नगर आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उसी के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।