उत्थान ऑडिटोरियम में लाभार्थी को डेमो चेक देते मुख्य अतिथि व अन्य। - स्रोत : विभाग
बहराइच। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत जिले के 4,53,599 लाभार्थियों को वित्तीय वर्ष 2026-27 में दो चरणों में मुफ्त एलपीजी सिलिंडर रिफिल मिलेगा। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन से योजना का शुभारंभ किया। इसका सजीव प्रसारण कपूरथला परिसर स्थित उत्थान ऑडिटोरियम में किया गया।
कार्यक्रम में विधायक कैसरगंज आनंद कुमार यादव, जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय और अन्य अतिथियों ने 15 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से डेमो चेक और सिलिंडर वितरित किए। जिला पूर्ति अधिकारी नरेंद्र तिवारी ने बताया कि पहले चरण में अक्तूबर से दिसंबर तक और दूसरे चरण में जनवरी से मार्च 2027 तक एक-एक मुफ्त रिफिल दिया जाएगा।
जिले में 3,96,565 लाभार्थियों का आधार प्रमाणीकरण हो चुका है। इन्हें पहले चरण में प्राथमिकता मिलेगी। शेष 57,034 लाभार्थियों को आधार प्रमाणीकरण के बाद योजना से जोड़ा जाएगा। लाभार्थियों को पहले सिलिंडर की पूरी कीमत चुकानी होगी। चार से पांच दिन बाद पूरी धनराशि सब्सिडी के रूप में आधार प्रमाणित बैंक खाते में भेज दी जाएगी।
डीएसओ ने लाभार्थियों से गैस एजेंसी पर आधार प्रमाणीकरण कराने की अपील की। इस मौके पर डीपीआरओ चंद्रभान सिंह समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।