मोतीपुर थाना क्षेत्र के झाला में महिला की हत्या के बाद जांच करती पुलिस।
- फोटो : BAHRAICH
उर्रा (बहराइच)। मोतीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पति ने उसके प्रेमी पर जहर देकर मारने का केस दर्ज कराया। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पिटाई से हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुट गई है। संभावना जतायी जा रही है कि प्रेमी के साथ पत्नी को देखकर विवाद होने के बाद महिला की पीटकर हत्या की गई है। उधर, केस दर्ज होने के बाद से प्रेमी फरार है।
मोतीपुर थाना क्षेत्र की एक महिला का गांव के ही युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेम प्रसंग के बीच ही संबंध बन गए थे, जिससे पति नाराज रहता था। मंगलवार की रात करीब डेढ़ बजे संदिग्ध हालात में महिला का शव घर में पड़ा मिला। उसके शरीर पर चोटों के निशान थे।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो पति ने थाने में तहरीर दी कि उसकी पत्नी के प्रेमी अमीन ने जहर देकर हत्या कर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और प्रेमी अमीन के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का केस दर्ज कर लिया।
गुरुवार को पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिली। एएसपी ग्रामीण रवींद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सिर में गहरी चोट होने की पुष्टि हुई है। ऐसे में गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया जाएगा। मामले की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हत्या में पति और प्रेमी पर टिकी शक की सुई
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि एक गांव में महिला की हत्या पीटकर की गई है। पति की तहरीर पर प्रेमी अमीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वह फरार है। मामले की जांच जालिमनगर चौकी इंचार्ज मनोज कुमार सिंह को सौंपी गई है। लेकिन हत्या पति या प्रेमी ने की, यह विवेचना के बाद ही पता चल सकेगा।