बहराइच। मटेरा चौराहे पर बृहस्पतिवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। वह अपने जीजा और उनकी पांच वर्षीय बेटी के साथ बहन के घर मिहींपुरवा जा रही थी।
रिसिया क्षेत्र के बहबुलिया महादा निवासी ऊषा (26) की बहन की ससुराल मिहींपुरवा में है। बृहस्पतिवार को वहां मांगलिक कार्यक्रम था। इसमें शामिल होने के लिए ऊषा शाम करीब पांच बजे अपने जीजा पप्पू और उनकी बेटी वैष्णवी के साथ बाइक से निकली थीं। मिहींपुरवा जाते समय मटेरा चौराहे पर उनकी बाइक में अज्ञात वाहन से टक्कर लग गई। इससे ऊषा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में पप्पू और वैष्णवी को चोट नहीं आई।
पप्पू घायल ऊषा को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। पुलिस क्षेत्राधिकारी चित्रांशु गौतम ने कहा कि हादसे के बाद मटेरा एसओ को सीसीटीवी की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जांच के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।