नदी कूदी महिला को बचाकर पहुंचाया अस्पताल।
जरवलरोड। पति से अनबन होने पर एक महिला बृहस्पतिवार को संजय सेतु से सरयू नदी में कूद गई। संयोग से पास में ही बाढ़ से बचाव की मॉकड्रिल चल रही थी। ऐसे में तत्काल सक्रिय हुए गोताखोरों ने कुछ देर की मशक्कत के बाद महिला को नदी से जीवित निकाल लिया। उसे मुस्तफाबाद सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
थाना जरवलरोड के ग्राम उपधी निवासी हिना (35) का विवाह एक साल पहले गांव के ही आमिर के साथ हुआ था। करीब छह माह पूर्व आमिर रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब चला गया। आरोप है कि विदेश जाने के बाद उसने हिना को घर खर्च के लिए रुपये भेजना बंद कर दिया और धीरे-धीरे उससे बातचीत भी कम कर दी। इससे परेशान होकर हिना मायके आ गई मानसिक तनाव में थी। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे वह संजय सेतु पहुंची और कुछ देर पुल पर टहलने के बाद उसने सरयू नदी में छलांग लगा दी।
शोर मचते ही सक्रिय हुए गोताखोर
इसी बीच संजय सेतु पर तहसीलदार मीणा गौड़ की निगरानी में बाढ़ पूर्व राहत एवं बचाव तैयारियों के तहत मॉकड्रिल चल रही थी। मॉकड्रिल के दौरान नाव पलटने की स्थिति में डूब रहे व्यक्ति को बचाने का अभ्यास चल रहा था। इसी दौरान हिना के नदी में कूदने का शोर मचा तो मॉकड्रिल में शामिल गोताखोरों ने तुरंत नदी में छलांग लगा दी और थोड़ी देर में ही महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। थाना प्रभारी जरवलरोड संतोष कुमार सिंह ने बताया कि महिला के परिजनों व ससुराल वालों बुलाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
नदी कूदी महिला को बचाकर पहुंचाया अस्पताल।