मिहींपुरवा। एसआईआर का फॉर्म भरवाने के लिए बृहस्पतिवार को ससुराल जा रहीं रीमा की नानपारा–लखीमपुर हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से सड़क पर गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम कुड़वा के जयरामपुरवा निवासी रीमा (48) गांव के ही नीशू के साथ बाइक से एसआईआर का फॉर्म भरवाने के लिए बृहस्पतिवार दोपहर अपनी ससुराल केलापुरवा नानपारा जा रही थीं। गांव से कुछ दूर पहले ही हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि रीमा मुंह के बल सड़क पर गिर पड़ीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक भाग निकला। मौके पर भीड़ लग गई। रीमा की बेटी जुगदी की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मोतीपुर थानाध्यक्ष आनंद कुमार चौरसिया ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है, ताकि हादसे के जिम्मेदार वाहन की पहचान की जा सके।