कतर्नियाघाट संरक्षित वनक्षेत्र का द्वार। -संवाद
बहराइच/बिछिया। यदि आप इस बृहस्पतिवार कतर्नियाघाट जंगल की सैर की योजना बना रहे हैं, तो अपने कार्यक्रम में बदलाव कर लें। वन विभाग ने इस बार कतर्नियाघाट वनक्षेत्र में बृहस्पतिवार को साप्ताहिक अवकाश घोषित किया है, जिसके चलते इस दिन जंगल में नो-एंट्री रहेगी। बिछिया बैरियर से ही पर्यटकों को रोक दिया जाएगा और सफारी व बोटिंग दोनों बंद रहेंगी।
पिछले तीन वर्षों से कतर्नियाघाट और दुधवा नेशनल पार्क में जंगल भ्रमण के लिए अलग-अलग कैलेंडर जारी किए जा रहे हैं। इसी प्रक्रिया के तहत वन विभाग हर वर्ष जंगलों में एक दिन का साप्ताहिक अवकाश तय करता है। इसका उद्देश्य यह है कि लगातार चहल-पहल वाले दिनों के बीच वन्यजीवों को भी शांति का समय मिल सके।
अब तक कतर्नियाघाट में मंगलवार को साप्ताहिक अवकाश रखा जाता था, लेकिन इस वर्ष जारी हुए नए भ्रमण शेड्यूल में बृहस्पतिवार को अवकाश का दिन निर्धारित किया गया है। इस बदलाव से बृहस्पतिवार के दिन किसी भी पर्यटक को जंगल क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
डीएफओ सूरज कुमार ने बताया कि सप्ताह में छह दिन जंगल में पर्यटकों की लगातार आवाजाही रहती है। ऐसे में वन्यजीवों को भी आराम और प्राकृतिक माहौल देने के लिए एक दिन का शांत वातावरण आवश्यक है। इस वर्ष मंगलवार के स्थान पर बृहस्पतिवार को अवकाश रखा गया है। बृहस्पतिवार को बिछिया बैरियर से ही पर्यटकों की नो-एंट्री रहेगी।
कर्मचारियों को भी एक दिन की राहत
कतर्नियाघाट रेंजर आशीष गौड़ ने बताया कि साप्ताहिक अवकाश से वन विभाग के कर्मचारियों को भी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को सफारी और बोटिंग दोनों पूरी तरह बंद रहेंगी। इससे कर्मचारियों को भी एक दिन आराम मिल सकेगा।
दुधवा नेशनल पार्क में मंगलवार को ही बंद रहेगा प्रवेश
वन विभाग के अनुसार दुधवा नेशनल पार्क में साप्ताहिक अवकाश पहले की तरह मंगलवार को ही रहेगा। दोनों पार्कों में अलग-अलग दिनों की बंदी से पर्यटकों को भी कम असुविधा होगी, क्योंकि वे चाहें तो दूसरे विकल्प का कार्यक्रम बना सकेंगे।