फखरपुर (बहराइच)। थाना क्षेत्र के बिजौवा सिंगाही गांव निवासी एक महिला गुरुवार को सुबह चक्की पर आटा पिसवाने के लिए गई थी। इसी दौरान महिला का दुपट्टा आटा चक्की के पट्टे में फंस गया और दबकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फखरपुर थाना क्षेत्र के बिजौवा सिंगाही गांव निवासी हशमतुल निशा उर्फ मदीना (35) पत्नी शाहिद सुबह गांव में स्थित चक्की पर आटा पिसवाने गई थी। गेहूं पिसवाते समय उसका दुपट्टा चक्की के पट्टे में फंस गया और दबकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अचानक महिला की मौत होने से गांव में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस को घटना की सूचना दी गई। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक फिरोज आलम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि पीड़ित पक्ष ने किसी तरह के आरोप नहीं लगाए हैं और न ही तहरीर दी है। ऐसे में शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। महिला की मौत होने से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।