ग्रामीणों के दौड़ाने पर बच्चे को छोड़कर भागा भेड़िया।
- फोटो : अमर उजाला
भेड़िए का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार दोपहर बाबा बंगला गांव में भेड़िया चार वर्षीय मासूम को घर के अंदर से दबोचकर ले भागा। बच्चे की चीख और परिजनों का शोर सुनकर ग्रामीण दौड़े तो भेड़िया धान के खेत में बच्चे को छोड़कर भाग गया। गंभीर रूप से घायल बच्चे का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैसरगंज में चल रहा है। वहीं अन्य स्थानों पर भेड़िये के हमले में महिला समेत सात लोग जख्मी हुए हैं।
गांव निवासी प्रिंस (4) पुत्र शोभाराम प्रतिदिन की तरह मंगलवार दोपहर में अपने फूस के घर में दरवाजे पर खेल रहा था, तभी अचानक आए भेडिये ने झपट्टा मारकर उसे दबोच लिया और खेत की तरफ भागा। परिजनों के शोर मचाने पर गांव के लोग दौड़े और भेड़िये का पीछा किया। लोगों की भीड़ देख भेड़िया बच्चे को घर से कुछ दूरी पर धान के खेत में छोड़कर गन्ने के खेत में भाग निकला। हमले में प्रिंस गंभीर रूप से जख्मी हुआ है। घायल बच्चे को आनन-फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैसरगंज ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
ये भी पढ़े- Azam Khan News: 23 माह बाद सीतापुर जेल से रिहा हुए आजम खां, पिता को लेने पहुंचे बेटे; समर्थकों में उत्साह
ये भी पढ़े- जेल से निकले आजम खां: सपा नेताओं की 73 गाड़ियों का हुआ चालान, करीब डेढ़ लाख रुपये जुर्माना लगाया
बच्चे पर हमला करने के बाद भेड़िये ने मंझारा तौकली के भिरगूपुरवा निवासी सूरज लाल (70) पुत्र गनपत, राजा राम (65) , देवनाथ पुरवा निवासी सुशीला (55) पत्नी शिव प्रसाद, गंगाराम (60), रामलाल गौतम (65), गंधु झाला निवासी पृथ्वीराज राज पाल (55) पर भी हमला कर जख्मी कर दिया। इन ग्रामीणों पर भेडिया तब हमलावर हुआ जब वह अपने खेत में काम कर रहे थे या खेत से घर को लौट रहे थे। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया है।